रीवा को स्वच्छता में देश में मिला पांचवां स्थान, नगर निगम ने आभार रैली निकाल जताया धन्यवाद
.
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में रीवा शहर को देश में पांचवां स्थान और ‘गार्बेज फ्री सिटी’ में 5 स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुक्रवार शाम नगर निगम रीवा द्वारा ‘धन्यवाद रीवा – आभार यात्रा’ निकाली गई। रैली की शुरुआत कॉलेज चौराहा से हुई, जो शिल्पी प्लाजा होते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंची। इसे नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पांडे, कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी विवेक सिंह और आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में दिया स्वच्छता का संदेश
रैली के दौरान सफाई मित्रों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया और शहरवासियों को जैविक खाद और कपड़े के थैले वितरित किए गए। लोगों को कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक से बचाव और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। इसमें स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, निगम कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अध्यक्ष पांडे ने कहा कि यह सफलता नागरिकों के सहयोग और सफाई मित्रों की कड़ी मेहनत का नतीजा है। उन्होंने संकल्प दिलाया कि अब रीवा को देश में पहला स्थान दिलाना है।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सफाई कर्मियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इसी उत्साह से हम नंबर 1 की ओर बढ़ सकते हैं। उन्होंने पॉलिथीन की जगह कपड़े के थैले प्रयोग करने की अपील की।
नगर निगम आयुक्त ने बताए रीवा के प्रयास
आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने बताया कि रीवा को 50,000 से 3 लाख जनसंख्या वर्ग में 5वां स्थान मिला है और यह मध्य प्रदेश के उन 6 शहरों में शामिल है जिन्हें 5 स्टार रेटिंग मिली है।
उन्होंने कहा कि टीम ने इस वर्ष चिरहुला तालाब, बाणसागर, बावड़ियों और घाटों की सफाई, वेस्ट टू आर्ट की थीम पर कला निर्माण, वेस्ट टू एनर्जी प्लांट से बिजली उत्पादन, और ग्रीन स्पेस का विकास जैसे कई अभिनव प्रयास किए।
डॉ. सोनवणे ने स्कूली बच्चों को वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का भ्रमण कराने का आग्रह भी किया, जिससे वे कचरा प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूक हो सकें।

सम्मान समारोह और भविष्य की दिशा
टाउन हॉल में आयोजित समापन कार्यक्रम में सफाई मित्रों, स्वच्छता दूतों, ब्रांड एम्बेसडर्स को सम्मानित किया गया। नेता प्रतिपक्ष दीनानाथ वर्मा ने भी सभी सफाई कर्मियों को इस उपलब्धि का असली हकदार बताया और नंबर 1 शहर बनाने का संकल्प दोहराया।