इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने एक प्राइवेट कंपनी के ऑपरेटर को 1.597 किलोग्राम गांजे के साथ पकड़ा है। गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 लाख रुपए है। वह सस्ते दाम में गांजा खरीदकर महंगे दामों में लोगों को बेचने की फिराक में था।
.
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम की चैकिंग कर रही थी। तभी नालंदा परिसर के सामने केसर बाग रोड के पास एक युवक टीम की गाड़ी को देखकर बाइक से भागने लगा। इस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम तरुण तालुकदार निवासी द्वारकापुरी बताया।
युवक ने 12वीं तक पढ़ाई की है और प्राइवेट कंपनी में ऑपरेटर का काम करता है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि जल्द पैसे कमाने की नीयत से वह अवैध मादक पदार्थ सस्ते में खरीदकर महंगे दामों पर नशे के आदी लोगों को बेचता था। आरोपी के पास से 1.597 किलोग्राम गांजा और बाइक जब्त की है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उससे और भी जानकारी निकाली जा रही है।
पुराने आरोपी से डोजियर भरवाया
इधर, अवैध मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री में गिरफ्तार आरोपियों की निगरानी भी की जा रही है। 70 किलो एमडी ड्रग्स के मामले में आरोपी अमजद हुसैन (47) निवासी सदर बाजार इंदौर को थाने लाकर डोजियर भरकर वर्तमान में इनकम के साधन और आरोपी के संबंधित जानकारी ली गई। जिस पर टेक्निकल रूप से विश्लेषण कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।