4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
लंदन के द ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पांचवें टेस्ट मैच में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार प्रदर्शन के दम पर ICC मेन्स टेस्ट गेंदबाज रैंकिंग में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की। सिराज 12 स्थान की छलांग लगाकर 15वें स्थान पर पहुंच गए। उनकी रेटिंग 674 अंक हो गई। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा ने 25 स्थान की उछाल के साथ 59वां स्थान हासिल किया, उनकी रेटिंग 368 अंक है। जबकि बैटर यशस्वी जायसवाल टॉप-5 में पहुंच गए हैं। सिराज ने 9 और कृष्णा ने 8 विकेट लिए एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के खेले गए आखिरी मुकाबले में सिराज ने 9 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 8 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। सिराज ने पहली पारी में जहां 4 विकेट लिए थे। वहीं, दूसरी इनिंग में उन्होंने 5 विकेट लिए थे। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा ने पहली और दूसरी इनिंग में 4-4 विकेट लिए थे।
यशस्वी जायसवाल को तीन स्थान का फायदा बल्लेबाजी रैंकिंग में, भारत के यशस्वी जायसवाल ने आखिरी टेस्ट की दूसरी पारी में 164 गेंदों पर 118 रन बनाकर तीन स्थान की छलांग लगाई और ICC मेन्स टेस्ट बल्लेबाज रैंकिंग में टॉप-5 में जगह बनाई। उनकी रेटिंग अब 792 अंक है। वहीं, इंग्लैंड के जो रूट और हैरी ब्रूक ने पहला और दूसरा स्थान बरकरार रखा। रूट ने दूसरी पारी में 152 गेंदों पर 105 रन और ब्रूक ने 98 गेंदों पर 111 रन बनाए।
न्यूजीलैंड बैटर डेरिल मिशेल टॉप-10 में पहुंचे न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के बीच हुई सीरीज में न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल ने चार स्थान की छलांग लगाकर टेस्ट बल्लेबाज रैंकिंग में टॉप-10 में जगह बनाई। उनके साथी मैट हेनरी ने तीन स्थान की उछाल के साथ गेंदबाजों की रैंकिंग में चौथा स्थान हासिल किया, उनकी रेटिंग 817 अंक है, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग है। हेनरी ने छोटे प्रारूपों के अपने फॉर्म को टेस्ट क्रिकेट में भी बरकरार रखा।
एटकिंसन और जोश टंग भी करियर के सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंचे इंग्लैंड के गेंदबाजों को भी इस मैच में बेहतर प्रदर्शन का फायदा रैंकिंग में मिला। गस एटकिंसन और जोश टंग ने आठ-आठ विकेट लिए। एटकिंसन पहली बार टॉप-10 में शामिल हुए, जबकि टंग 14 स्थान की छलांग लगाकर 46वें स्थान पर पहुंच गए। दोनों ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की।