सीधी जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत, परिजनों का हंगामा: बेटी के जन्म के बाद महिला की हालत बिगड़ी; डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप – Sidhi News

सीधी जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत, परिजनों का हंगामा:  बेटी के जन्म के बाद महिला की हालत बिगड़ी; डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप – Sidhi News


अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा।

.

सीधी जिला अस्पताल में एक बार फिर एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम सर्रा, थाना चुरहट निवासी गनेश केवट की पत्नी पूजा केवट (34) की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया।

पति बोला डॉक्टरों ने सिर्फ आश्वासन दिया

गनेश केवट ने बताया कि वह 4 अगस्त की दोपहर लगभग 2 बजे प्रसव पीड़ा से परेशान पत्नी को जिला अस्पताल लेकर आया था। डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि पूजा के पेट में दो बच्चे हैं। सोनोग्राफी के लिए उन्हें मिश्रा नर्सिंग होम भेजा गया।

रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर ने बताया कि एक बच्चा उल्टा है। इसलिए ऑपरेशन करना होगा। परिजनों से खून की व्यवस्था करने को कहा गया। परिवार ने दो यूनिट खून उपलब्ध कराया। ऑपरेशन के बाद एक स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ। लेकिन इसके बाद पूजा की हालत बिगड़ने लगी।

अस्पताल में हंगामा करते मृतक महिला के परिजन।

टांके लगाने पर तड़पने लगी प्रसूता

परिजनों के अनुसार, टांके लगाने के बाद पूजा तड़पने लगी और उसका बीपी तेजी से गिरने लगा। डॉक्टरों ने बताया कि ज्यादा खून बहने के कारण बच्चेदानी निकालनी पड़ेगी। उन्होंने कई बार आश्वासन दिया कि स्थिति सामान्य है। लेकिन मंगलवार रात 9 बजे पूजा की मौत हो गई।

इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली पुलिस को बुलाया गया। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।

हंगामा करते परिजनों को समझाते पुलिस अधिकारी।

हंगामा करते परिजनों को समझाते पुलिस अधिकारी।

घटना पर शून्य में रिपोर्ट दर्ज

थाना प्रभारी कोतवाली कन्हैयालाल बघेल ने बताया कि घटना को शून्य (0) में दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं अस्पताल में हंगामा कर रहे परिजनों को भी शांत कराया दिया गया है।



Source link