बैतूल के आमला स्थित एयर फोर्स स्टेशन में एक जवान ने ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सरोज कुमार दास के रूप में हुई है। वह लांस नायक रैंक पर 976 डीएससी प्लाटून 28 एड एयर फोर्स आमला में तैनात था।
.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए आमला सिविल अस्पताल भेजा गया। बीएमओ डॉ. नरवरे के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
एसडीओपी एसके सिंह ने बताया कि मृतक आमला में अकेला रहता था। उसका परिवार उड़ीसा में है। परसों रात करीब एक बजे ड्यूटी के दौरान उसने अपनी इंसास रायफल से ठोड़ी के नीचे गोली चलाई। गोली सिर के आर-पार हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, जवान डिपो के अंदर डीएसई का जवान था और उसकी निगरानी ड्यूटी थी। प्रतिबंधित और गोपनीय क्षेत्र होने के कारण जानकारी तुरंत बाहर नहीं आ सकी। मृतक की एक बेटी है और वह मूलतः उड़ीसा का रहने वाला था।
एएसपी कमला जोशी ने बताया कि जवान की आत्महत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम किया गया है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।