Last Updated:
Sagar Rakhi Market: रक्षाबंधन को लेकर बाजार सज चुके हैं. शहर में इस बार रंग बिरंगी और नई वैरायटी की राखियां आकर्षित कर रही हैं. बाजार में एक रुपए सबसे सस्ती राखी से लेकर ढाई सौ रुपये तक की राखी हैं.
बाजार में इस साल पैकेजिंग वाली राखियों की मांग है. खासकर दिल्ली, आगरा, राजकोट और कोलकाता की बनी राखियों की पूछ-परख हो रही है. सराफा बाजार में चांदी की राखी 250 रुपये और सोने की राखी के दाम 5000 रुपये से शुरू हैं. इनसे बड़ी राखियां ऑर्डर पर बनाई जा रही हैं.

बाजार में परंपरागत रेशम की राखी, फोम की मेरे भैया, मोटू-पतलू, रोबोवॉय, जरी वाली राखी, स्टोन, जरकन, मेटल की राखी तथा विभिन्न प्रकार के कलावा एवं एक मुखी से लेकर पांच मुखी रुद्राक्ष सहित कई तरह की फैंसी राखियां उपलब्ध हैं.

शहर के मुख्य बाजार के अलावा मोहल्लों में भी राखियों की दुकानें लगी हैं. लेकिन, सबसे अधिक दुकानें सिंधी बाजार, कटरा, बड़ा बाजार, सदर बाजार एवं मकरोनिया क्षेत्र में हैं. यहां थोक से लेकर फुटकर राखियों तक की बिक्री हो रही है.

बाजार में स्टोन की राखियों की मांग ज्यादा है. साथ ही स्टाइलिश राखियों, ब्रेसलेट, मोतियों, मेटल एवं भैया-भाभी राखी भी महिलाओं द्वारा ज्यादा पसंद की जा रही हैं.

फुटकर राखी एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास केसरवानी ने बताया कि बच्चों के लिए बाजार में टैडी, छोटा भीम, डोरेमोन, पवजी, पॉपकॉर्न सहित कई तरह की राखियां हैं.

इस बार लाइट वाली राखी के साथ सेंसर भी लगा आ रहा है. वहीं, घड़ी वाली राखी के साथ छल्ला आ रहा है. इसमें बच्चे अपनी साइकिल की चाबी लगा सकते हैं.

भाभियों के लिए विशेष लटकन वाली राखी लगभग हर दुकान पर सजी है. इसमें मोतियों के गुच्छे, रेशम का धागा, घंटियों की लटकन, पत्ते और मोतियों की लटकन सहित अन्य वैरायटियां हैं. वहीं, भाइयों के लिए धागे की लच्छी भी उपलब्ध है.

सराफा बाजार में ग्राहकों को लुभाने के लिए इस साल सोने एवं चांदी की राखियां आकर्षक डिजाइनों में तैयार की गई हैं. चांदी में ओम, गणेशजी, स्वास्तिक के चित्र वाली राखियां उपलब्ध हैं. चांदी की धागे वाली राखी की शुरुआत 250 रुपये से है.