Last Updated:
Tips and Tricks: बारिश में शाम होते ही घर में कीड़ों का आना शुरू हो जाता है. रात होते होते इनकी तादाद बढ़ जाती है. ऐसे में रात के वक्त घर में आने वाले कीड़ों से छुटाकारा पाने के लिए जानें घरेलू नुस्खे. ये बेहद कारगर हैं…
बारिश का मौसम जारी है. ऐसे मौसम में तमाम तरह के छोटे-बड़े कीड़े मकोड़े आते हैं. इन्हीं कीड़े-मकोड़े में एक काला रंग का बदबूदार और गंदा कीड़ा होता है. अगर यह नाक-कान से शरीर के अंदर चला गया तो आपको लेने के देने भी पड़ सकते हैं.

रात के समय ये कीड़े ज्यादा दिखाई देते हैं. खाने के पास इनका घूमना खतरे की तरह होता है. कुछ घरों में रात के समय लाइट जलने की वजह से भी बहुत सारे कीड़े आने लगते हैं. कीड़ों से परेशान हर शख्स सोचता है कि इनसे छुटकारा कैसे मिले.

अगर आपके घर में भी रात के समय काले छोटे-बड़े कीड़े आने लगते हैं, तो अब बिल्कुल टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. दरअसल, हम आपको इन कीड़ों की समस्या से निजात पाने के लिए कुछ घरेलू नुस्खे बता रहे हैं. इन उपाय को आजमाने के लिए साथ ही आपको कुछ बातों का भी ध्यान रखना होगा.

हर घर की रसोई घर में प्याज रखी होती है. बदबूदार काले कीड़ों को घर से भगाने के लिए प्याज एक असरदायक घरेलू उपाय होता है. जहां भी प्याज से लाइन खींच दी जाती है, वहां से फिर काले कीड़े नहीं गुजरते हैं. क्योंकि प्याज की गंध से कीड़े दूर भागते हैं.

रात में घर में आने वाले कीड़ों को दूर रखने के लिए नीम का तेल बहुत कारगार है. आसान तरीके से इस्तेमाल करने के लिए आप नीम के तेल में पानी मिलाकर स्प्रे बॉटल में डाल दीजिए. फिर दरवाजों, लाइट के आस पास और ऐसी जगहों पर छिड़क दीजिए जहां कीड़े ज्यादा आते हैं.

कीड़े की समस्या से बचने के लिए लौंग के तेल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. आप लौंग के तेल को एक स्प्रे बोतल में पानी के साथ मिलाकर भर लीजिए. आप इस घोल को खिड़कियों और दरवाजों के आसपास छिड़कने के साथ ही उन जगह पर भी स्प्रे करें जहां कीड़े ज्यादा दिखाई देते हैं.

कुछ पौधों की खुशबू कीड़ों को घर से दूर रखने में मदद करती है. ऐसे में रात के समय घर में आने वाले कीड़ों को रोकने के लिए आप तुलसी का पौधा लगा सकते हैं. दरअसल, तुलसी के पौधे से आने वाली खुशबू कीड़ों को बिल्कुल भी पसंद नहीं होती है. ऐसे में यह ट्रिक आपके काम आ सकती है.

कीड़ों को अपने घर से दूर रखने के लिए आपको लाइटिंग पर भी ध्यान देना होगा. ऐसे में आप सफेद लाइट की जगह येलो बल्ब का इस्तेमाल करें. दरअसल, कीड़े सफेद की तुलना में पीली रोशनी की ओर कम आकर्षित होते हैं. ध्यान रहे जब लाइट की जरूरत ना हो तब लाइट बंद रखें, इस तरह कीड़ों से काफी हद तक राहत मिलेगी.