जनप्रतिनिधियों ने उठाई पालकी, द्वार-द्वार हुआ बाबा का स्वागत
आगर मालवा के सुसनेर में भादौ के पहले सोमवार को शिवभक्ति का विशेष आयोजन हुआ। शिव भक्त मंडल द्वारा नीलकंठेश्वर और ओंकारेश्वर महादेव की शाही सवारी निकाली गई।
.
सुबह कंठाल नदी तट स्थित ऐतिहासिक मंदिर में महारूद्राभिषेक किया गया। श्रृंगार और आरती के बाद बाबा को फूलों से सजी पालकी में विराजमान किया गया।
हर-हर महादेव और ओम नम: शिवाय के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। जनप्रतिनिधियों ने कहार बनकर पालकी उठाई। श्रद्धालुओं ने द्वार-द्वार पर आरती उतारकर स्वागत किया।
सवारी में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। आर्यवीर दल और दुर्गावाहिनी के अखाड़ों ने करतब दिखाए। डीजे की धुन पर युवाओं ने नृत्य किया।
ताशा पार्टी, पंजाब और गुजरात के लोकनृत्य प्रस्तुत किए गए। भूतों की बारात, बैंड, ढोल और विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।


शाम को चंपा के मंदिर में हरिहर मिलन का आयोजन हुआ। यहां आरती, आतिशबाजी और प्रसादी वितरण किया गया।
रात 8 बजे सवारी नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

एसडीएम सर्वेश यादव, एसडीओपी देवनारायण यादव और टीआई केसर राजपूत के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा और अल्पाहार से स्वागत किया।
