छतरपुर के इमलिया गांव से 23 जुलाई को तीन श्रद्धालु बाबा अमरनाथ की दंडवत यात्रा पर निकले। एक सहयोगी आवश्यक सामग्री और व्यवस्था संभाल रहा है। श्रद्धालु हर कदम पर दंडवत प्रणाम करते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
.
18 दिन में श्रद्धालुओं ने 110 किलोमीटर की दूरी तय कर निवाड़ी तक का सफर पूरा किया है। निवाड़ी से बाबा अमरनाथ तक अभी 1375 किलोमीटर की यात्रा शेष है। इस गति से यात्रा पूरी होने में 8 से 9 महीने का समय लग सकता है।
निवाड़ी की सीमा में प्रवेश करते ही स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। रास्ते में ग्रामीणों ने भोजन, पानी और ठहरने की व्यवस्था की है।
यात्री नयन जैन ने बताया कि बाबा अमरनाथ से प्रेरणा मिलने पर उन्होंने यह यात्रा शुरू की। उन्होंने कहा कि बाबा के दर्शन के बाद ही वापस लौटेंगे।
यात्रा के दौरान हर दंडवत के साथ ‘बम बम भोले’ के जयकारे गूंज रहे हैं। बारिश और धूप में भी श्रद्धालु बिना रुके अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोग यात्रा की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और सहायता प्रदान कर रहे हैं।