विदिशा में हर घर तिरंगा और स्वच्छता अभियान को लेकर आज शाम एक विशेष वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली को विधायक मुकेश टंडन, कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित कजवानी और जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
.
रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुरू हुई। यह शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विवेकानंद चौराहा, मेडिकल कॉलेज तिराहा और गुलाब वाटिका तक पहुंची। फिर बस स्टैंड, नीमताल और नगरपालिका होते हुए आगे बढ़ी। रैली रेलवे स्टेशन, कांच मंदिर और कोतवाली थाना से गुजरी। इसके बाद तिलक चौक, लोहा बाजार और झूलनपीर से होकर बजरिया चौकी पहुंची। अंत में तोपपुरा, श्रीरामलीला चौराहा और रायपुरा होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर संपन्न हुई।
पुलिस अधीक्षक रोहित कजवानी ने हेलमेट पहनकर बाइक चलाई। कलेक्टर अंशुल गुप्ता और विधायक मुकेश टंडन ने हाथों में तिरंगा लेकर बाइक चलाई। मार्ग में लोगों ने फूलों की वर्षा कर रैली का स्वागत किया। देशभक्ति के गीतों ने पूरे वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने बताया कि रैली का उद्देश्य लोगों को तिरंगा फहराने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करना था। इस जागरूकता रैली में समाजसेवी संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।



