Last Updated:
Vaibhav Suryavanshi Net Worth: वैभव सूर्यवंशी अगले महीने ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेंगे. 14 वर्षीय वैभव इंडिया अंडर 19 टीम के साथ पहली बार ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेंगे. जहां भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम के बीच 3 वनडे और 2 यूथ टेस्ट मैच खेले जाएंगे. वैभव हाल में इंग्लैंड दौरे से लौटे हैं. उन्होंने इंग्लैंड में 7 मैच खेले. इससे उनकी नेटवर्थ में भी बढ़ोतरी हुई है. वैभव की नेटवर्थ लगातार बढ़ रही है. उनकी कमाई का जरिया अभी सिर्फ क्रिकेट है. लेकिन आने वाले समय में वह विज्ञापन से भी मोटी कमाई करने वाले हैं.
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) इस साल इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी चमक बिखेरने के बाद से ही चर्चा का विषय बने हुए हैं.14 साल की उम्र में इस युवा खिलाड़ी ने अपनी बल्लेबाज़ी से धमाल मचा दिया. और इंडिया अंडर19 के लिए भी ऐसा ही प्रदर्शन जारी रखा है. लेफ्ट हैंड बैटर की नेटवर्थ में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है. उन्होंने इंग्लैंड में 7 मैच खेलकर लगभग 2 लाख 60 हजार कमाए.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी की नेटवर्थ लगभग 2 करोड़ हो चुकी है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इंडिया अंडर-19 खिलाड़ियों को मैच फीस के रूप में प्रतिदिन 20 हजार रुपये देता है. यह फीस उन प्लेयर्स को ही मिलती है जो प्लेइंग 11 का हिस्सा होते हैं. वैभव इंग्लैंड में हुए सभी मुकाबलों में अंतिम 11 में जगह बनाने में सफल रहे.

वैभव सूर्यवंशी की कमाई का मुख्य जरिया क्रिकेट है. उनकी नेटवर्थ में आईपीएल का मोटा कॉन्ट्रेक्ट भी शामिल है. राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें ऑकशन में 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था. वह बिहार अंडर 19 टीम के लिए रणजी ट्रॉफी और वीनू मांकड़ ट्रॉफी में खेल चुके हैं. आईपीएल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़ने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री 10 लाख रुपये इनामी राशि देने का ऐलान किया था.

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के 18वें सीजन में डेब्यू किया. अपने डेब्यू आईपीएल सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन कर दिल जीत लिया. उन्होंने 7 पारियों में 206.55 की स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए. सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट के लिए उन्हें पुरस्कार में टाटा कर्व कार मिला.

वैभव सूर्यवंशी के आईपीएल में शानदार प्रदर्शन से खुश होकर राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी के मालिक रंजित बारठाकुर ने उन्हें मर्सिडीज बेंज कार गिफ्ट की थी. वैभव हालांकि अभी दोनों कार को नहीं चला सकते. क्योंकि अभी वह नाबालिग हैं. उनका ड्राइविंग लाइसेंस 18 साल होने के बाद ही बनेगा.

बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर गांव से आने वाले वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड दौरे पर इंडिया अंडर 19 टीम की ओर से खेलते हुए इंग्लैंड अंडर 19 टीम के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा 355 रन बनाए थे. 5 वनडे पारियों में 71.00 की औसत और 174.02 की तूफानी स्ट्राइक रेट से वैभव ने इंग्लैंड में रन बनाए. इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था.

वैभव सूर्यवंशी ऑस्ट्रेलिया में 21 सितंबर से वनडे सीरीज खेलेंगे. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 वनडे मैच और दो यूथ टेस्ट खेले जाएंगे. सीरीज का दूसरा वनडे 24 और आखिरी वनडे मैच 26 सितंबर को खेला जाएगा. तीनों वनडे ब्रिस्बेन में भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10 बजे से खेले जाएंगे. इसके बाद टेस्ट सीरीज शुरू होगी. पहला टेस्ट 30 सितंबर से जबकि दूसरा 7 अक्टूबर से खेला जाएगा.