एशिया कप 2025 के लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है. टूर्नामेंट की पहली टक्कर में हफ्तेभर से भी कम का समय बचा है. 9 सितंबर से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी. BCCI ने 15 सदस्यीय टीम इंडिया का एशिया कप के लिए ऐलान कर दिया है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया एशिया कप का खिताब बचाने उतरेगी. हालांकि, फैंस के मन में संजू सैमसन को लेकर सवाल है कि उन्हें प्लेइंग-11 में जगह मिलेगी या नहीं? क्योंकि शुभमन गिल बतौर उपकप्तान टीम में शामिल हैं और उनका खेलना तय है. अगर सैमसन को प्लेइंग-11 में जगह मिलती है तो वह किस नंबर पर बैटिंग करेंगे? हालांकि, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने यह गुत्थी सुलझा दी है. उन्होंने सुझाव दिया है कि सैमसन को किस नंबर पर उतारा जा सकता है. हालांकि, उनके लिए जगह बनाने के लिए एक युवा खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ेगा.
तूफान मचा रहे संजू सैमसन
एशिया कप के लिए टीम का ऐलान होने के बाद से ही सैमसन बल्ले से तूफान मचा रहे हैं. इसकी शुरुआत शतक के साथ हुई. केरल क्रिकेट में लीग सैमसन ने यह शतक ठोका और इसके बाद से ही उनका बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा. इसके बाद खेले हर मुकाबले में सैमसन ने अर्धशतक ठोका है. हालांकि, उन्होंने ओपनिंग करते हुए यह रनों का पहाड़ खड़ा किया है. इस प्रदर्शन के बाद सैमसन ने प्लेइंग-11 के लिए अपनी दावेदारी ठोक दी है, लेकिन बड़ा सवाल है कि गिल के टीम में रहने से उन्हें किस नंबर पर बैटिंग के लिए भेजा जाएगा.
ये भी पढ़ें: डेब्यू मैच में ही तिहरा शतक… भारत के लाल ने कर दिया कमाल, 341 रन बनाकर रचा इतिहास
गिल का ओपनिंग करना लगभग तय
शुभमन गिल को उप-कप्तान के रूप में शामिल किए जाने के साथ यह लगभग तय है कि 25 साल का यह खिलाड़ी अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेगा. इससे सैमसन की स्थिति अनिश्चित है. पिछले एक साल में 30 साल के सैमसन ने अक्सर अभिषेक के साथ पारी की शुरुआत की है. पिछले साल सैमसन ने तीन टी20I शतक लगाए, एक बांग्लादेश के खिलाफ और दो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ. वह केरल क्रिकेट लीग में भी शानदार फॉर्म में हैं. टूर्नामेंट की शुरुआत निचले क्रम में बल्लेबाजी करने के बाद सैमसन सलामी बल्लेबाजी के लिए लौटे और तुरंत अपनी लय पकड़ ली.
गिल-अभिषेक ओपनर… इस नंबर पर बैटिंग करेंगे सैमसन!
पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने सुझाव दिया है कि आगामी एशिया कप 2025 में संजू सैमसन को तीन नंबर पर बैटिंग के लिए उतारा जा सकता है. हालांकि, कैफ ने कहा कि इसके लिए मैनेजमेंट को तिलक वर्मा को बेंच पर बैठाना होगा. हालांकि, तिलक वर्मा भी भारत के लिए तीसरे नंबर पर शानदार फॉर्म में हैं. इस युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो शतक जड़े थे, जिससे एशिया कप के लिए उनका सेलेक्शन मैनेजमेंट के लिए एक चुनौतीपूर्ण फैसला बन गया था. कैफ ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में अपने विचार साझा करते हुए कहा, ‘अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल एशिया कप में ओपनिंग करेंगे. तीसरे नंबर के लिए, मुझे लगता है कि तिलक वर्मा एक युवा खिलाड़ी हैं और अपनी बारी का इंतज़ार कर सकते हैं.’
कैफ ने कहा, ‘सैमसन एक अनुभवी बल्लेबाज हैं और उन्हें तीसरे नंबर पर लगातार मौके देकर निखारा जा सकता है. 6 महीने बाद टी20 वर्ल्ड कप भी है और वह एक मौके के हकदार हैं.’ कैफ ने आगे कहा कि अफगानिस्तान जैसी टीम के खिलाफ सैमसन भारत के लिए सबसे अच्छा विकल्प होंगे, खासकर जब राशिद खान जैसे गेंदबाज का सामना करना हो. कैफ ने कहा, ‘वह आईपीएल के टॉप 10 छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों में से एक हैं. इसलिए मेरा मानना है कि जब राशिद खान बीच के ओवरों में गेंदबाजी करने आते हैं, तो संजू से बेहतर कोई खिलाड़ी नहीं हो सकता, क्योंकि वह छक्के जड़ सकते हैं.’