Last Updated:
Unique Weapon System: खरगोन के रहने वाले अमन ने महज 34 घंटे में एक ऐसा वेपन सिस्टम तैयार कर लिया है जो 100 मीटर की दूरी के लिए बी पर्पेक्ट है. इसके साथ ही आप इसकी रेंज को 1 किमी तक बढ़ा भी सकते हैं.
अमन का जुनून
अमन कालरा के पिता गांव में ढाबा चलाते हैं और अमन भी उनके साथ हाथ बंटाते हैं. लेकिन इसके साथ ही वह तकनीकी उपकरणों के साथ प्रयोग करना पसंद करते हैं. इस बार उन्होंने कबाड़ के सामान का इस्तेमाल कर एक ऐसा सिक्योरिटी गन सिस्टम तैयार किया है, जो पूरी तरह से ब्लूटूथ और रिमोट पर काम करता है. इसमें किसी भी गन को एक स्टेज पर फिक्स करके, बंकर के अंदर से दुश्मनों पर फायर किया जा सकता है.
Local18 से बातचीत में अमन बताते हैं कि इस सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा यह है कि जवान बिना अपनी जान जोखिम में डाले दुश्मनों को निशाना बना सकते हैं. 100 मीटर की दूरी पर यह सिस्टम पूरी तरह से सही तरीके से काम करता है और भविष्य में इसकी रेंज 1 किलोमीटर तक बढ़ाई जा सकती है. इससे सीमा पर तैनात सैनिक सुरक्षित रहकर ज्यादा प्रभावी तरीके से कार्रवाई कर पाएंगे.
कम लागत और जल्दी तैयार
इस डिवाइस को तैयार करने में अमन ने सिर्फ 34 घंटे का समय लिया और कुल लागत महज ₹6000 आई. उन्होंने कबाड़ से मिले पुर्जों का इस्तेमाल किया, जिससे खर्च बेहद कम हुआ. उनका कहना है कि यह सिस्टम किसी भी तरह की गन, चाहे ऑटोमैटिक हो या मैनुअल हो, को ऑपरेट करने में सक्षम है.
अमन का सपना
गौरतलब है कि अमन का सपना है कि उनके इस आविष्कार को सेना में उपयोग के लिए डेवलप किया जाए, ताकि यह देश की सुरक्षा में योगदान दे सके. वहीं, इससे पहले अमन मोबाइल ब्लूटूथ से चलने वाले दो रोबोट, ह्यूमन रोबोट्स, दिव्यांगों के लिए सेंसर युक्त चश्मा, रोबोटिक फायर फाइटर और सेना के लिए ऑटोमेटिक गन जैसे कई उपकरण बना चुके हैं.