बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से दो मजूदरों की मौत हो गई। दोनों पिपलिया डेब और उचावद डेब के बीच सड़क किनारे खड़े थे। घटना में एक अन्य युवक घायल हुआ है।
.
प्रत्यक्षदर्शी राजू काग ने बताया कि यह घटना रिमझिम बारिश के बीच हुई। तलवाड़ा डेब के रहने वाले मजदूर महेश और पवन खेत में मजदूरी करते थे और बाजार जा रहे थे। अचानक बारिश शुरू हो गई तो वे दोनों सड़क किनारे नीम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इसी दौरान उन्हें लेने के लिए किसान पुत्र राजू अपनी बाइक लेकर पहुंचा। जैसे ही वह उनके पास पहुंचा। अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरी। बिजली सीधे महेश और पवन पर गिरी, जबकि राजू को झटका लगा।
मामले की जानकारी लेते अंजड़ थाने के पुलिस अधिकारी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने निजी वाहनों से तीनों को अंजड़ सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद महेश और पवन को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिवार और गांव वालों की भारी भीड़ जमा हो गई।
किसान जयराम काग ने बताया कि महेश और पवन उनके खेत में मजदूरी करते थे। बाजार जाने के लिए महेश उनसे पैसे मांग रहा था। उन्होंने कहा था कि वे घर से पैसे लेकर बाजार में मिलेंगे। इसी इंतजार में वे पेड़ के नीचे खड़े थे, जब यह हादसा हुआ।