Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम की घोषणा जल्द होने वाली है. टीम के पास पहले से ऐसे खिलाड़ी जो प्लेइंग-11 में जगह बनाने के काबिल हैं. अब पिछले कुछ समय से टी20 फॉर्मेट से बाहर चल रहे क्रिकेटरों ने भी दावा ठोका है. इनमें केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन जैसे खिलाड़ी प्रमुख हैं. अगले हफ्ते टीम का ऐलान है, ऐसे में कुछ खिलाड़ियों का सपना टूटना तय है.
कुछ ऐसे भी सितारे हैं, जो आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद टीम से बाहर रह सकते हैं. हम उन 5 प्लेयर्स के बारे में आपको यहां बता रहे हैं.
1. केएल राहुल
दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए केएल राहुल का आईपीएल 2025 शानदार रहा. विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 13 मैचों में 149.72 की स्ट्राइक रेट से 539 रन बनाए. हालांकि, टी20 फॉर्मेट में सलामी बल्लेबाज के लिए कई अन्य विकल्प मौजूद हैं. इस समय संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी ओपनर स्लॉट के लिए पसंदीदा माने जा रहे हैं, जिसकी वजह से राहुल को मौका मिलना मुश्किल है.
2. साई सुदर्शन
साई सुदर्शन आईपीएल 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे. युवा बल्लेबाज ने 15 मैचों में 156.17 की स्ट्राइक रेट से 759 रन बनाए. वह पूरे सीजन में लगातार अच्छा खेले और एक शतक और छह अर्धशतक लगाए. हालांकि, राहुल की तरह, भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर भी भरा हुआ है और सुदर्शन के लिए कोई खाली जगह नहीं है.
ये भी पढ़ें: चेन्नई सुपरकिंग्स ने ब्रेविस के लिए IPL में किया बड़ा कांड? अश्विन के खुलासे के बाद मची सनसनी
3. युजवेंद्र चहल
स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल टी20 फॉर्मेट में एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं. उन्हें टी20 विश्व कप 2024 के लिए भी टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. फिलहाल वह टी20 टीम की योजनाओं से बाहर दिख रहे हैं. आईपीएल में उन्होंने 14 मैचों में 16 विकेट लिए.
4. क्रुणाल पांड्या
क्रुणाल पांड्या ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 2025 में पहला आईपीएल खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई. इस ऑलराउंडर ने 15 मैचों में 8.23 की इकोनॉमी से 17 विकेट लिए. इसके अलावा उन्होंने बल्ले से 163.50 की स्ट्राइक रेट से 224 रन भी बनाए. हालांकि, उनकी जगह भी टीम में निश्चित नहीं है.
ये भी पढ़ें: ये 4 खिलाड़ी एशिया कप में खेलने के दावेदार, बल्ले से उगलते हैं आग, अब किसे चुनेंगे कोच और सेलेक्टर्स?
5. यशस्वी जायसवाल
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 14 मैचों में 159.71 की स्ट्राइक रेट से 559 रन बनाए. वह सीजन में सातवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे. इसके बावजूद जायसवाल फिलहाल भारतीय टीम की योजनाओं में शामिल नहीं हैं.