ग्वालियर में मोमोस का ठेला लगाने वाले एक दुकानदार को युवक से पैसे मांगना महंगा पड़ गया। युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दुकानदार के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसके ठेले को तहस-नहस कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
.
घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे झांसी रोड थाना क्षेत्र के चेतकपुरी संस्कार गार्डन के सामने घटी। यहां सुनील कुशवाहा मोमोस का ठेला लगाता है। रात को विवेक गुर्जर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मोमोस खाने आया था। मोमोस खाने के बाद सुनील ने विवेक गुर्जर से अभी के और पुराने पैसे मांगे, तो वह नाराज हो गया। उसने कहा कि लड़की के सामने कैसे पैसे मांगे। सुनील ने सफाई दी, तब भी विवेक गालीगलौज करते हुए बिना पैसे दिए चला गया।
ठेले का सामान भी फेंक दिया
विवेक कुछ समय बाद अपने दोस्तों के साथ आया और ठेला संचालक सुनील से मारपीट की। उसके ठेले का सामान भी फेंक दिया। मारपीट के बाद सुनील को धमकाया और थाने जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि विवेक पहले भी दो-तीन बार ठेले पर आया और मोमोस एवं अन्य चीजें खाकर चला गया। घटना के बाद से विवेक फोन पर धमकी दे रहा है कि वह महल गांव में नहीं रह पाएगा।
सीसीटीवी फुटेज सामने आया
घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर विवेक गुर्जर और उसके 6 साथियों पर मारपीट एवं अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव के अनुसार
पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले आरोपी विवेक गुर्जर और उसके साथियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
