छिंदवाड़ा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांख जटामा (संकुल उभेगांव) में सोमवार को हुए अचानक निरीक्षण में शिक्षकों की बड़ी लापरवाही सामने आई। निरीक्षण में गैरहाजिरी और समय पालन न करने जैसी शिकायतें पाई गईं। इस पर स्कूल के प्रभारी प्राचार्य सह
.
जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्राचार्य आनंद द्विवेदी, उच्च माध्यमिक शिक्षक निधि मिश्रा, प्रयोगशाला शिक्षक आई.के. बरकोरिया और माध्यमिक शिक्षक विनिता रैकवार बिना अनुमति के स्कूल से गैरहाजिर मिले।
देर से पहुंचे शिक्षक, टाइम-टेबल में गड़बड़ी
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि स्कूल की प्रार्थना सभा के बाद कई शिक्षक देर से स्कूल पहुंचे। इनमें रविशंकर धुर्वे, राजकुमार डेहरिया, चैतराम वानखेड़े, दिगंबर पराडकर, गोबर्धन बिसेन और रामरतन वर्मा शामिल हैं।
जांच में स्कूल के रिकॉर्ड और समय सारणी में भी गड़बड़ी पाई गई। कक्षा 11वीं और 12वीं में अंग्रेजी का एक भी पीरियड नहीं लिया गया था। इसके अलावा जेईई और नीट की तैयारी के लिए चलाई जा रही कक्षाएं भी नियमित नहीं थीं। स्कूल में लगे स्मार्ट बोर्ड का भी कोई उपयोग नहीं किया जा रहा था।
प्राचार्य पर होगी कार्रवाई, वेतन भी रोका जाएगा
निरीक्षण में सामने आई लापरवाहियों को गंभीर मानते हुए प्रभारी प्राचार्य आनंद द्विवेदी के खिलाफ अनुशासन की कार्रवाई का प्रस्ताव कलेक्टर शीलेंद्र सिंह को भेजा जा रहा है। वहीं, बाकी शिक्षकों की एक वेतन वृद्धि रोकने के लिए नोटिस दिया गया है।
बिना अनुमति छुट्टी पर रहने वाले शिक्षकों का वेतन काटने के निर्देश भी आहरण और संवितरण अधिकारी को दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि स्कूलों में अनुशासनहीनता और काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।