भारतीय जनता युवा मोर्चा का नगर महामंत्री अनुराग पटेल।
नरसिंहपुर जिले के हिड़की पिपरिया गांव में बुधवार शाम भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नगर महामंत्री अनुराग पटेल की जांघ पर गोली लगी है। अनुराग पटेल को प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
.
एसडीओपी मनीष त्रिपाठी के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि दो फायर किए गए थे। एक गोली अनुराग की जांघ में लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नेता का बयान दर्ज किया।
एसडीओपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में दो लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने एक आरोपी देवेंद्र चौकसे पर केस दर्ज किया है। दूसरे आरोपी का पता नहीं चला है।
वीडियो में आरोपी ने कहा- गोलीकांड की जांच हो
गोलीकांड में आरोपी बनाए गए देवेंद्र चौकसे ने शाम को वीडियो जारी किया।
वहीं मामले में आरोपी बनाए गए देवेंद्र चौकसे ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उसका कहना है- 2014 में बहोरीपार में डंपर से कुचल कर मेरे भाई मनोज चौकसे की हत्या कर दी गई थी, उस मामले में जालम सिंह पटेल, मोनू पटेल, विट्ठल राय, मुकेश पटेल, राजेश राजपूत (राजू शूटर), तुलसीराम पटेल, सतीश पटेल बुधगांव, सुरेंद्र पटेल ऐसे आठ-दस लोगों के नाम हैं।
नरसिंहपुर कोर्ट में केस चल रहा है। वहां गवाहियां हो रही हैं। हाईकोर्ट में रिवीज़न चल रहा है। लगातार पेशियां हो रही हैं। 10 साल से गवाहियां चल रही हैं। मामले के आरोपी राजीनामा के लिए दबाव बना रहे हैं। राजीनामा करने के लिए लगातार धमकी दे रहे हैं। मेरे साथ 24 घंटे गनमैन रहता है।
आज के मामले की जांच होनी चाहिए, जिसे घायल बताया जा रहा है। वह अनुराग पटेल, राजू शूटर की रेत ट्रैक्टर में भरकर बेचता है, जिसे राजू की गाड़ी में जबलपुर के अस्पताल में ले जाया गया है। पुराने केस में इन सभी को सजा होने वाली है। इसलिए आज हम पर झूठा 307 का केस बनवाया गया है, ताकि हम पर समझौता करने का दबाव बना सकें।