सिंगरौली पुलिस ने जिले भर में अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने कई थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान वाहनों और मशीनों के पार्ट्स समेत अन्य सामान जब्त किया गया।
.
7 हाईवा गाड़ी के लोहे के रिम और कमानी सेट जब्त
एसपी मनीष खत्री ने बताया कि मोरवा पुलिस ने भूसामोड़ में गिरिश गुप्ता के गोदाम से 7 हाईवा गाड़ी के लोहे के रिम और कमानी सेट जब्त किए। इनकी कीमत करीब 1.85 लाख रुपए है। गोरबी चौकी क्षेत्र से पुराना समरसिबल पंप, मोटर पंखा और वाहन का रेडिएटर जब्त किया गया, जिनकी कीमत 15 हजार 500 रुपए है।
जियावन थाना क्षेत्र में हुई छापेमारी
सरई पुलिस ने फेसिंग जाली, फोटोकॉपी मशीन, कार के तीन दरवाजे, लोहे की सरिया, 100 रिंग और कार की बैटरी समेत करीब 50 हजार रुपये का सामान जब्त किया। बरगवां पुलिस ने दो साइकिल, एक साइकिल फ्रेम, बोरिंग मशीन का बीट और हाईवा का प्रेशर ब्रेक जब्त किया। जियावन थाना क्षेत्र में भी कबाड़ की दुकानों पर छापेमारी की गई।
गैंग बनाकर हमला करने की मिली थी शिकायत
दरअसल, एनसीएल की खदानों में कबाड़ कारोबारियों के गैंग बनाकर हमला करने और सुरक्षा गार्डों को घायल कर मशीनों का सामान चोरी करने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस सभी दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, जीएसटी बिल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।
जांच के दौरान विभिन्न कबाड़ की दुकानों से करीब 20 हजार मूल्य का कबाड़ बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद समस्त सामग्री प्रथम दृष्टया चोरी की संपत्ति प्रतीत होने से संबंधित धाराओं के अंतर्गत जब्त कर थाना लाया गया है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।