मोतीनगर चौराहा से लेकर मकरोनिया रेलवे ओवरब्रिज तक की सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-146 से जुड़ेगी। इस मार्ग में तीन फ्लाईओवर बनेंगे। इस काम पर 3500 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
.
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी डीपीआर बनाने के निर्देश दिए हैं। सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े की मांग पर उन्होंने यह निर्देश जारी किए। सांसद डॉ. वानखेड़े ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री गडकरी के साथ हुई बैठक में सागर शहर की ट्रैफिक समस्या पर विस्तृत प्रजेंटेशन दिया।
उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों मोतीनगर, भगवानगंज, स्टेशन रोड, सिविल लाइन, मकरोनिया चौराहा से होते हुए रेलवे ओवरब्रिज तक के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग 146 भोपाल रोड से जोड़ने की मांग रखी। मंत्री गडकरी ने इसे स्वीकारते हुए अधिकारियों को इस परियोजना की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
ROB-1 } मोतीनगर चौराहा से राहतगढ़ बस स्टैंड होकर स्टेशन रोड
{ऐसा होगा स्वरूप : मोतीनगर चौराहा से फ्लाईओवर बनना शुरू होगा, जो सीधे राहतगढ़ बस स्टैंड स्थित पुराने रेलवे फाटक तक पहुंचेगा। यहां से रेलवे लाइन के बाजू से लगकर राधा तिराहा होते हुए स्टेशन रोड यानी प्लेटफॉर्म नंबर-2 के बाहर उतरेगा। }यह होगा फायदा : राहतगढ़ बस स्टैंड से लेकर प्लेटफॉर्म नंबर-2 की सड़क पर लगभग हर समय जाम लगा रहता है। फ्लाईओवर बनने से इस जाम से मुक्ति मिलेगी। रेलवे की जमीन से लगकर फ्लाईओवर बनेंगे, इससे आम लोगों के जमीन, निर्माण को कम नुकसान होगा।
ROB-2 } पीली कोठी चौराहा से कठवापुल मंदिर के पहले तक
{ऐसा होगा स्वरूप : पीली कोठी चौराहा से सिविल लाइन चौराहा होते हुए कठवापुल हनुमान मंदिर के पहले तक यह फ्लाईओवर सीधा बनेगा। मकरोनिया रोड पर दोनों तरफ सेना की भूमि लगी है। उसकी सुरक्षा को देखते हुए ही इसकी लंबाई निर्धारित की जाएगी। }यह होगा फायदा : सिविल लाइन से बस स्टैंड की ओर सीधा ट्रैफिक जाएगा। पीली कोठी चौराहा पर जो पांच जगह जाने के मार्ग हैं, उसमें दो तरफ से वाहन आना बंद होंगे, जिससे संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। आवागमन सुलभ होगा। ढलान भी सुधरेगी।
ROB-3 } सागर रोड मकरोनिया चौराहा से आरओबी मकरोनिया तक
{ऐसा हाेगा स्वरूप : सागर रोड से मकरोनिया चौराहा होते हुए सीधे मकरोनिया के आरओबी के पहले तक फ्लाईओवर बनेगा। मकरोनिया चौराहा से रजाखेड़ी की ओर भी भुजा होगी। अन्य भुजाओं को भी जोड़ा जा सकता है। सर्वे के बाद ही इसकी फाइनल डिजाइन सामने आएगी। }यह होगा फायदा : मकरोनिया चौराहा पर सुबह से देर रात तक जाम आम बात है। फ्लाईओवर बनने से इस समस्या का स्थाई हल हो जाएगा। यदि अन्य भुजाएं भी मिलीं तो चौराहा पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। नीचे पार्किंग के लिए नए स्थान भी तय किए जा सकेंगे।
सांसद बोलीं- रेलवे भी करेगा सहयोग
सांसद डॉ. वानखेड़े ने बताया फ्लाईओवर रेलवे भूमि के समीप बनाए जाएंगे, जिसमें रेलवे भी सहयोग प्रदान करेगा। यह सागर के लिए एक ऐतिहासिक कदम होगा। इस परियोजना से सागर शहर के साथ-साथ पूरे लोकसभा क्षेत्र को सुगम यातायात की सौगात मिलेगी। इस मौके पर सागर विधायक शैलेंद्र जैन भी मौजूद थे।