छिंदवाड़ा के हर्रई नगर में बुधवार को मोक्षधाम के पास एक नवजात शिशु का शव मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
.
हर्रई थाना प्रभारी ओमेश मार्को ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अवैध गर्भपात की आशंका, जांच जारी
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई लोग इसे अवैध गर्भपात का मामला बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा गंभीर मुद्दा मान रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
थाना प्रभारी ओमेश मार्को ने बताया कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव मोक्षधाम के पास कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल होगी और तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।