रक्षा मंत्रालय ने डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और टेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए प्रदेश के जबलपुर और ग्वालियर क्षेत्र में दिलचस्पी दिखाई है। रक्षा सचिव गरिमा भगत के नेतृत्व में रक्षा मंत्रालय के दल ने गुरुवार को मुख्य सचिव अनुराग जैन और उद्योग
.
इसके साथ ही मप्र स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कार्पोरेशन (एमपीआईडीसी) के एमडी चंद्रमौली शुक्ला के साथ प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की संभावनाओं पर मंथन किया। रक्षा मंत्रालय के अफसरों ने प्रदेश में मौजूद लैंड बैंक और राज्य सरकार द्वारा निवेश करने की स्थिति में दी जाने वाली सहूलियतों की जानकारी ली। उन्होंने जबलपुर और ग्वालियर क्षेत्र में जमीनों की उपलब्धता और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
गौरतलब है कि जबलपुर और ग्वालियर दोनों देश के प्रमुख रक्षा प्रतिष्ठानों के लिहाज से काफी अहम हैं। मप्र राज्य औद्योगिक विकास निगम और रक्षा मंत्रालय के विशेषज्ञों के बीच ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में मौजूद बीहड़ की जमीन का उपयोग करने पर भी चर्चा हुई है।
चंबल के बीहड़ कैसे रक्षा क्षेत्र की जरूरतों के लिए उपयोगी हो सकते हैं, इस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उद्योग विभाग की ओर से रक्षा मंत्रालय को मप्र सरकार की औद्योगिक और निवेश संवर्धन नीतियों के बारे में बताया गया कि राज्य सरकार जमीन आवंटन से लेकर बिजली, पानी में छूट और केपिटल एक्सपेंडिचर पर भी सब्सिडी दे रही है।
आज औद्योगिक प्रतिनिधियों से होगी बातचीत
कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में शुक्रवार को एमपीआईडीसी और रक्षा मंत्रालय की ओर से एक कार्यशाला रखी गई है। इस कार्यशाला में प्रदेश के उन औद्योगिक प्रतिनिधियों को बुलाया गया है, जो रक्षा क्षेत्र के उत्पादन से जुड़े हुए हैं। रक्षा मंत्रालय की ओर से इन्हें बताया जाएगा कि भारतीय सेना के साजोसामान के स्वदेशीकरण अभियान में वे कौन-कौन से उपकरण का उत्पादन शुरू कर सकते हैं।
इसके अलावा उद्योगपतियों से भी पूछा जाएगा कि वे रक्षा उत्पादन से जुड़े कौन से सेक्टर में आगे बढ़ना चाहते हैं। गौरतलब है कि हाल ही में भोजपुर क्षेत्र में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड के वंदे भारत व मेट्रो रेल कोच कारखाने के उद्घाटन के दौरान सीएम मोहन यादव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मप्र में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बनाने की मांग की थी। सीएम ने कहा था कि रक्षा मंत्रालय को जितनी जमीन चाहिए, मप्र सरकार देने के लिए तैयार है।