सफर की परेशानी: 18 और 19 अक्टूबर के लिए इक्का-दुक्का ट्रेनों में 400 तक वेटिंग – Bhopal News

सफर की परेशानी:  18 और 19 अक्टूबर के लिए इक्का-दुक्का ट्रेनों में 400 तक वेटिंग – Bhopal News



दीपोत्सव के दौरान हवाई किराए में अभी से ढाई गुना तक बढ़ोतरी

.

दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों में अभी दो महीने का समय है। लेकिन रिजर्वेशन खुलते ही प्रमुख ट्रेनों में ‘रिग्रेट’ जैसी स्थिति बन गई है। उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाली ट्रेनों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। 18 और 19 अक्टूबर के लिए ट्रेनों में नो रूम (जगह नहीं) के हालात बन रहे हैं।

रेलवे ने देशभर में 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। अनुमान है कि इस बार पश्चिम मध्य रेलवे और भोपाल रेल मंडल से करीब 150 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। जहां तक गोरखपुर, मुंबई, लखनऊ, जम्मूतवी जैसे स्थानों के लिए वेटिंग का मामला है, स्लीपर श्रेणी में 18-19 अक्टूबर को इक्का-दुक्का ट्रेनों में 300 से 400 तक की वेटिंग के हालात अभी से बन गए हैं।

फर्स्ट एसी से लेकर स्लीपर क्लास तक में वेटिंग

ट्रैवल एजेंटों के मुताबिक, स्लीपर से लेकर फर्स्ट एसी तक सभी क्लास में सीटें भर चुकी हैं। तमिलनाडु एक्सप्रेस (17-19 अक्टूबर), जीटी एक्सप्रेस (17-18 अक्टूबर), मुंबई राजधानी और मंगला लक्ष्यद्वीप (18-19 अक्टूबर) पूरी तरह बुक हैं।

दीपावली बाद लौटने का हवाई किराया भी ज्यादा

दीपावली पर बाहर से भोपाल आने का हवाई किराया अभी बुकिंग पर ढाई गुना तक ज्यादा लग रहा है। यदि दीपावली और छठ के दौरान हवाई किराया देखें, तो वापसी के लिए अभी से डेढ़ से दो गुना हो चुका है। सबसे ज्यादा बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे आदि स्थानों से भोपाल का हवाई किराया लग रहा है।

उत्तर भारत की ओर भीड़ -पंजाब मेल, सीएसएमटी -अमृतसर एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में 18 और 19 अक्टूबर को भारी भीड़ है। इन ट्रेनों में यात्रियों की बुकिंग की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह ट्रेनें भी फुल हुई -गोवा एक्सप्रेस 18, 19 और 20 अक्टूबर की तारीखों में वेटिंग में जा चुकी है। स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस और झेलम एक्सप्रेस दोनों 18 अक्टूबर को फुल बुक हैं। यशवंतपुर संपर्क क्रांति में भी 18 और 19 अक्टूबर को कोई सीट उपलब्ध नहीं है।

प्रीमियम तत्काल का सहारा -त्योहारों में घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों को अब तत्काल और प्रीमियम तत्काल कोटे का सहारा लेना होगा। इनमें किराया सामान्य से कई गुना अधिक है। हालांकि इस कोटे की संख्या कम होने से परेशानी होगी।

रेलवे से अतिरिक्त व्यवस्था की मांग

पश्चिम मध्य रेलवे की जोनल उपयोगकर्ता और सलाहकार समिति के सदस्य निरंजन वाधवानी और मुकेश अवस्थी ने मांग की है कि त्योहारों की भीड़ को देखते हुए अधिकतम स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएं। मौजूदा ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ाई जाए।



Source link