बुरहानपुर में खराब सड़कों के विरोध में दो अलग-अलग तरीके से प्रदर्शन हुआ। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सिंधी बस्ती चौराहे पर मुंह पर काली पट्टी बांधकर मौन प्रदर्शन किया। वहीं, कुछ युवाओं ने चंदा इकट्ठा कर सड़क के गड्ढे भरने का काम किया।
.
यह विरोध 17 वर्षीय छात्रा कीर्ति गजानन सूर्यवंशी की दुर्घटना में हुई मौत के बाद किया गया। परिजनों का आरोप है कि खराब सड़क और भारी वाहनों के आवागमन के कारण यह हादसा हुआ।
शुक्रवार शाम 5:30 बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगें रखीं। जिला प्रवक्ता निखिल खंडेलवाल ने कहा कि तख्तियों पर कई सवाल लिखे गए थे। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से इस समस्या पर ध्यान देने की मांग की।
इससे पहले इंदिरा कॉलोनी के रोहित वाने, डॉ. कार्तिक निंभोरे, वैभव राठौर, मुरली संन्यास, शुभम चौधरी और अमर चंदेल सहित कई युवाओं ने चंदा इकट्ठा किया। इन युवाओं ने न केवल गड्ढे भरवाए बल्कि खुद भी श्रमदान किया। युवाओं का कहना था कि उन्हें सिर्फ अच्छी सड़कें चाहिए क्योंकि खराब सड़कों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।


