बुरहानपुर में लालबाग रोड पर शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। रात करीब 9 बजे हाटकेश्वर गणेश मंडल खंडवा की 12 फीट से अधिक ऊंची प्रतिमा को खंडवा ले जाते समय तुलसी मॉल के पास सड़क के गिर गई।
.
हादसे में खंडवा के हरिगंज निवासी 26 वर्षीय शशांक जोशी प्रतिमा के नीचे दब गए। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हाटकेश्वर मंडल द्वारा प्रतिमा लालबाग के सम्राट मौर्य आर्ट से खंडवा के नाई आवार के लिए ले जाई जा रही थी। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सीएसपी गौरव पाटील के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।
हिंदू महासभा के प्रवक्ता ओम आजाद ने प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कमिश्नर और महापौर से शहर की सड़कों के गड्ढों को भरने की मांग की। कांग्रेस प्रवक्ता निखिल खंडेलवाल ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी इच्छापुर रोड पर खराब सड़क के कारण एक गणेश प्रतिमा गिरने की घटना हुई थी। घटना के बाद प्रशासन ने सड़कों के गड्ढे भरने का काम शुरू किया है। शनिवार को सिंधी बस्ती क्षेत्र में पेचवर्क किया गया। शाम में शांति समिति की बैठक में भी कलेक्टर ने अफसरों को खराब सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसी बीच यह हादसा हो गया।
