शाजापुर जिले के ग्राम टोलखेड़ी में श्मशान की दयनीय स्थिति सामने आई है। गुरुवार को एक महिला के अंतिम संस्कार के दौरान बारिश के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। श्मशान में न टीनशेड था और न ही बैठने की व्यवस्था।
.
ग्रामीणों को मजबूरन गांव वापस जाकर चंदा एकत्र करना पड़ा। इसके बाद टीनशेड की व्यवस्था की गई। इस पूरी प्रक्रिया में ढाई घंटे का समय लगा। तब जाकर महिला का अंतिम संस्कार संभव हो सका।
स्थानीय निवासी रमेश के अनुसार, यह समस्या नई नहीं है। कुछ वर्ष पूर्व भी एक अंतिम संस्कार के दौरान बारिश के कारण परेशानी हुई थी। उस समय भी सरपंच से टीनशेड की मांग की गई थी। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब केरोसीन का उपयोग करके अंतिम संस्कार करना पड़ा था।
ग्रामीणों का आरोप है कि वे लंबे समय से सरपंच से श्मशान में बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। श्मशान तक पहुंचने का मार्ग भी खराब है। लेकिन सरपंच सचिन पाटीदार ने इन समस्याओं पर कभी ध्यान नहीं दिया। इस मामले में सरपंच की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी क्योंकि उनका फोन नहीं लग रहा था।