सागर संभाग में छात्रवृत्ति आवेदनों के सत्यापन पर सख्त निर्देश: 21 कॉलेजों की समीक्षा बैठक, तीन दिन में सभी विद्यार्थियों का डेटा पोर्टल पर अपलोड अनिवार्य – Sagar News

सागर संभाग में छात्रवृत्ति आवेदनों के सत्यापन पर सख्त निर्देश:  21 कॉलेजों की समीक्षा बैठक, तीन दिन में सभी विद्यार्थियों का डेटा पोर्टल पर अपलोड अनिवार्य – Sagar News



बैठक में कार्यों के संबंध में जानकारी लेते अतिरिक्त संचालक डॉ. दुबे।

सागर जिले के शासकीय महाविद्यालयों की समीक्षा बैठक शनिवार को अतिरिक्त संचालक सागर संभाग के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में जिले के 21 शासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य और अधिकारी शामिल हुए।

.

बैठक की अध्यक्षता कर रहे अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे ने निर्देश दिए कि सभी महाविद्यालय शासन द्वारा मांगी गई जानकारी को समय पर और त्रुटिरहित रूप से प्रस्तुत करें।

विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) आरके गोस्वामी ने छात्रवृत्ति, सीएम हेल्पलाइन, न्यायालयीन प्रकरण, अनुकंपा नियुक्ति, लंबित पेंशन, सार्थक उपस्थिति, एचआरएमएस और ई-ऑफिस से जुड़े विषयों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सत्र 2024-25 के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल खुला है। सभी महाविद्यालय तीन दिन के भीतर एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों का डेटा पोर्टल पर अपलोड करें। जिन विद्यार्थियों ने आवेदन कर दिया है, उनके आवेदनों का तत्काल सत्यापन करें। किसी भी महाविद्यालय में छात्रवृत्ति आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए।

साथ ही, छात्रवृत्ति से संबंधित शिकायतों के निराकरण में यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थी का डेटा पोर्टल पर दर्ज है या नहीं, आवेदन किया गया है या नहीं और वह किस स्तर पर लंबित है। चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों को इनेबल करने के लिए उनका प्रवेश क्रमांक और फीस संबंधी जानकारी अपलोड करना अनिवार्य बताया गया।

ऑनलाइन प्रवेश व एनसीसी की भी समीक्षा डॉ. भावना यादव ने नैक मूल्यांकन, निर्माण कार्य, सीखो-कमाओ योजना, स्वयं योजना, रिसर्च गाइड, एईडीपी पाठ्यक्रम, ऑनलाइन प्रवेश, एनसीसी, एनएसएस, पुस्तकालय और स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के बाद प्रतिवेदन तैयार रखना महाविद्यालयों की जिम्मेदारी है, ताकि मांगने पर तत्काल उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में डॉ. सरोज गुप्ता (प्राचार्य, कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय सागर) समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



Source link