शहडोल के पुलिस लाइन पटेल नगर स्थित सीनियर अनुसूचित जाति छात्रावास में रहने वाले राजा प्रजापति (15) की जबलपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। राजा बोड़री गांव का रहने वाला था। वह 10वीं का छात्र था।
.
राजा को पहले बुखार आया था। बाद में स्थिति बिगड़ी और निमोनिया हो गया। उसे 22 अगस्त को जिला अस्पताल की पीआईसीयू में भर्ती कराया गया। स्थिति में सुधार न होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
परिजनों और छात्रावास के अन्य छात्रों ने छात्रावास अधीक्षक रमेश द्विवेदी पर समय पर उपचार न कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राजा को कई दिन से बुखार था। उसने इसकी शिकायत भी की थी। लेकिन अधीक्षक ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
राजा अनाथ था। वह अपनी बहन के साथ चाचा-चाची के संरक्षण में रह रहा था। चाचा पप्पू प्रजापति को अस्पताल में भर्ती करने के बाद ही सूचना दी गई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी एसबीएस चंदेल के अनुसार मामला कलेक्टर और सहायक आयुक्त के संज्ञान में है। लापरवाही की जांच का आश्वासन दिया गया है। छात्र का शव उसके गांव बोड़री पहुंचा दिया गया है।