Cheteshwar Pujara vs Virat Kohli: टेस्ट क्रिकेट में भारत की सफलता के सबसे बड़े स्तंभ चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली ने 4 महीने के अंदर संन्यास ले लिया. कोहली ने मई में टेस्ट तो पुजारा ने अगस्त में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया. टीम में युवाओं ने उनकी जगह ले ली है. दोनों ही दिग्गज टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन के आंकड़े को नहीं छू पाए. कोहली फैंस के लिए अच्छी बात यह है कि टीम इंडिया का यह सुपरस्टार अभी वनडे क्रिकेट में नजर आते रहेगा.
नंबर-3 और नंबर-4 के धुरंधर
पुजारा ने अपने टेस्ट करियर का अंत 103 टेस्ट मैचों के साथ किया. उन्होंने पांच वनडे मैच भी खेले हैं. पुजारा ने ज्यादातर विराट की कप्तानी में खेला और भारत की सफलता में अहम भूमिका निभाई. विराट ने ज्यादातर टेस्ट मैच कप्तान के तौर पर खेले. पुजारा ने लंबे समय तक नंबर 3 तो विराट ने नंबर-4 की जगह को संभाले रखा. हाल के दिनों में टीम इंडिया में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, लेकिन नंबर-3 का बल्लेबाज अभी तक नहीं मिल पाया है. चौथे क्रम पर कोहली की जगह नए कप्तान शुभमन गिल ने ले ली है. तीसरे क्रम पर देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन और करुण नायर को आजमाया गया है, लेकिन अभी तक कोई अपनी जगह पक्की नहीं कर पाया है.
ये भी पढ़ें: हेजलवुड-स्टार्क या रबाडा नहीं…ये हैं दुनिया के 4 सबसे खू्ंखार गेंदबाज, चेतेश्वर पुजारा ने संन्यास के बाद किया खुलासा
103 टेस्ट मैच के बाद पुजारा के रन
पुजारा ने अपने टेस्ट करियर का अंत 103 टेस्ट मैचों में 7195 रनों के साथ किया. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज का औसत 43.60 का रहा. उन्होंने 19 शतक और 35 अर्धशतक लगाए. पुजारा का सर्वोच्च स्कोर नाबाद 206 रन है.
103 टेस्ट के बाद विराट के आंकड़े
123 टेस्ट मैचों के साथ अपना टेस्ट करियर समाप्त करने वाले विराट ने 103 मैचों में 8094 रन बनाए थे. पूर्व भारतीय कप्तान पुजारा से काफी आगे हैं. विराट ने 103 टेस्ट मैचों में 27 शतक लगाए थे. उन्होंने 3 और शतक भी लगाए. विराट ने अपने टेस्ट करियर का अंत 123 मैचों में 9230 रनों के साथ किया. उन्होंने 46.85 की औसत से अपना करियर समाप्त किया. कोहली ने 30 शतक और 31 अर्धशतक लगाए.
सबसे सफल टेस्ट कप्तान
विराट ने 68 टेस्ट मैचों में भारत को 40 जीत दिलाईं. वह भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं. पुजारा के विपरीत, विराट का वनडे करियर लंबा रहा है. उन्होंने 302 वनडे मैच खेले हैं और वह 2027 के वनडे विश्व कप में भाग लेने की योजना बना रहे हैं. विराट के नाम इस प्रारूप में 14181 रन हैं. वह दुनिया के सबसे तेज 10,000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. 51 शतकों के साथ विराट के नाम वनडे में सबसे ज़्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड है. उन्होंने 125 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं. कभी टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे विराट ने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 4188 रन बनाए हैं. उन्होंने एक शतक और 38 अर्धशतक लगाए हैं. विराट की कप्तानी में भारत ने कोई आईसीसी खिताब नहीं जीता.