बिजुरी हनुमान मंदिर चौराहे पर टमाटर खरीदने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
.
घटना 25 अगस्त की सुबह की है। लक्ष्मी बंसल और सुनीता बंसल तीज त्योहार के मौके पर सुबह 9 बजे से बांस के छींटना और दातुन बेच रही थीं। शाम को एक व्यक्ति ने सुनीता को गालियां देते हुए बांस के डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में सुनीता बेहोश हो गईं।
मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी ने अपनी पहचान कृष्ण मोहन कुमार के रूप में बताई। वह बिहार के बेगूसराय जिले के मटिहानी का निवासी है। घायल सुनीता को पहले बिजुरी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हनुमान मंदिर चौक में सब्जी की दुकान से टमाटर खरीद रहा था। सब्जी विक्रेता और मृतका ने उसे डांटकर भगा दिया और अपशब्द कहे। इससे क्रोधित होकर उसने अपने पास रखे बांस के डंडे से सुनीता के सिर पर वार किया। पुलिस ने आरोपी से वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है।
