हॉटल की आड़ में चल रहा था अवैध शराब का धंधा, महिलाओं ने किया भंडाफोड़
बालाघाट के गायखुरी क्षेत्र में एक चाय-नाश्ते की दुकान में अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। नवजीवन नशा मुक्ति समिति की महिलाओं ने दुकान संचालक मोनु और उसके साथी गंगा को शराब बेचते हुए पकड़ा।
.
नगर के वार्ड क्रमांक 33 में पिछले 8 महीने से महिलाएं नशामुक्ति अभियान चला रही हैं। ये महिलाएं शाम से देर रात तक वैनगंगा नदी किनारे गश्त करती हैं। साथ ही शराब पीने और बेचने वालों को रोकने का काम भी करती हैं।
मंगलवार सुबह महिलाओं ने दुकान के एक कर्मचारी को शराब लाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। उसके पास से लाल और सफेद रंग की सीलबंद शराब की बोतलें मिलीं। नशामुक्ति समिति की अध्यक्ष पूर्णिमा राउत ने बताया कि आरोपी हॉटल की आड़ में शराब बेच रहा था।
कोतवाली उपनिरीक्षक विजय पाटिल के अनुसार महिलाओं की शिकायत पर कार्रवाई की गई। दुकान संचालक और उसके साथी के पास से देशी शराब के 16 पाव बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।