Cheteshwar Pujara: संन्यास के बाद भी आएंगे पैसे…चेतेश्वर पुजारा को मिलेगी पेंशन, कितने रुपये देगी BCCI?

Cheteshwar Pujara: संन्यास के बाद भी आएंगे पैसे…चेतेश्वर पुजारा को मिलेगी पेंशन, कितने रुपये देगी BCCI?


Cheteshwar Pujara Pension Amount: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाजों में एक चेतेश्वर पुजारा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. उन्होंने 15 साल के इंटरनेशनल करियर को विराम दे दिया है. पुजारा ने भारत के लिए 103 टेस्ट और 5 वनडे मैच खेले. 2010 में टेस्ट डेब्यू करने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. राहुल द्रविड़ के 2012 में संन्यास लेने के बाद नंबर 3 पर अपनी जगह पक्की कर ली. उन्हें भारतीय टेस्ट टीम की ‘अगली दीवार’ के रूप में देखा गया और उन्होंने अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करके इसे साबित भी किया.

टेस्ट करियर का शानदार सफर

पुजारा ने अपने टेस्ट करियर में 43.60 की औसत से 7195 रन बनाए, जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं. उनका टेस्ट करियर हमेशा उनकी शानदार बल्लेबाजी और धैर्य के लिए याद किया जाएगा. पुजारा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही आखिरी टेस्ट मैच खेला. संयोग की बात है कि उन्होंने इसी टीम के खिलाफ टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाए.

Add Zee News as a Preferred Source


पुजारा को कितनी पेंशन मिलेगी?

चेतेश्वर पुजारा ने 103 टेस्ट मैच खेले हैं, जिससे वह बीसीसीआई की पेंशन योजना के शीर्ष-स्तर में आते हैं. भारतीय क्रिकेट दिग्गज को अब 70,000 रुपये प्रति माह की मासिक पेंशन मिलेगी. बीसीसीआई ने 2022 में पूर्व खिलाड़ियों और अंपायरों की पेंशन में बढ़ोतरी की थी.  उस समय के बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा था, ”यह बेहद महत्वपूर्ण है कि हमारे पूर्व क्रिकेटरों की वित्तीय स्थिति का ध्यान रखा जाए. खिलाड़ी हमारी जीवन रेखा हैं और एक बोर्ड के रूप में यह हमारा कर्तव्य है कि उनके खेलने के दिन खत्म होने के बाद हम उनके साथ रहें. अंपायर हमारे गुमनाम नायक रहे हैं और बीसीसीआई वास्तव में उनके योगदान को महत्व देता है.”

ये भी पढ़ें: क्रिकेट के इन 7 अनोखे रिकॉर्ड पर नहीं होगा यकीन…गंभीर से ज्यादा मुरलीधरन के सिक्स, वॉर्न-अख्तर से आगे सचिन

वनडे-टी20 में कम सफलता

टेस्ट क्रिकेट में सफल होने के बावजूद पुजारा को सफेद गेंद वाले क्रिकेट में ज्यादा सफलता नहीं मिली. उन्होंने 2013 में जिम्बाब्वे के खिलाफ दो वनडे खेले और 2014 में बांग्लादेश दौरे पर सभी तीन वनडे खेले. इन 5 वनडे मैचों में वह सिर्फ 51 रन ही बना पाए.उन्होंने कभी भी टी20 टीम में जगह नहीं बनाई. हालांकि, वह चार आईपीएल टीमों का हिस्सा रहे. उन्होंने 2010 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल में डेब्यू किया. 2011 से 2013 तक वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का हिस्सा थे और 2014 में पंजाब किंग्स के लिए खेले. वह एमएस धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम का भी हिस्सा थे जिसने 2021 में आईपीएल जीता था, लेकिन उस सीजन में वह बेंच पर ही बैठे रहे.

ये भी पढ़ें: हेजलवुड-स्टार्क या रबाडा नहीं…ये हैं दुनिया के 4 सबसे खू्ंखार गेंदबाज, चेतेश्वर पुजारा ने संन्यास के बाद किया खुलासा

अब क्या करेंगे पुजारा?

पुजारा ने केवल भारतीय क्रिकेट से संन्यास लिया है और वह जल्द ही लीजेंड्स लीग में खेलते हुए या कमेंट्री करते हुए दिखाई दे सकते हैं. टीम इंडिया से बाहर रहने के दौरान वह कमेंट्री कर रहे थे और अब उनके पूरी तरह से एक क्रिकेट विशेषज्ञ बनने की संभावना है. उन्होंने हाल ही में एक्स पर कहा था कि वह कमेंट्री बॉक्स में फिर से नजर आएंगे. हरभजन ने जब उनके संन्यास पर शुभकामनाएं दी तो पुजारा ने कहा रिप्लाई में कहा, ”आपके साथ मीडिया बॉक्स साझा करने के लिए उत्सुक हूं.”



Source link