गणेश चतुर्थी का पर्व बुधवार को पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। शहर में पंडालों के साथ ही घर-घर में बप्पा विराजमान होंगे। शहर के गणेश मंदिरों में भी गणेश चतुर्थी को लेकर तैयारियां की गई है। खजराना गणेश मंदिर, बड़ा गणपति, छोटा गणपति मंदिर स
.
खजराना गणेश को लगेगा सवा लाख मोदक का भोग।
खजराना गणेश को लगेगा सवा लाख मोदक का भोग
खजराना स्थित सिद्धि विनायक गणेश मंदिर और भक्त मंडल का नाम इस बार एक नए विश्व कीर्तिमान के साथ दर्ज हो जाएगा, जब गणेशोत्सव के पहले दिन 27 अगस्त को यहां सवा लाख मोदक प्रसाद का भोग खजराना गणेश को समर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही रोजाना खजराना गणेश को विभिन्न किस्म के अनाज के 20 हजार लड्डुओं का भोग भी समर्पित होगा। इस तरह गणेशोत्सव में संभवतः खजराना गणेश मंदिर देश का पहला ऐसा मंदिर होगा, जहां 3 लाख से अधिक लड्डुओं का भोग समर्पित होगा।
मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर आशीष सिंह तथा मंदिर प्रशासक एवं निगम आयुक्त शिवम वर्मा एवं मंदिर के महाप्रबंधक संयुक्त कलेक्टर डॉ. राकेश शर्मा ध्वजा पूजन एवं गणेशजी को स्वर्ण आभूषण समर्पित करने के बाद भोग लगाकर मोदक प्रसाद का भक्तों में वितरण भी करेंगे।
श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी एवं कैलाश पंच ने बताया कि मोदक का निर्माण पिछले छह दिनों से लगातार प्रसिद्ध रसोईए खेमजी महाराज और 30 सहयोगी 10 सुपर भट्टियों पर कर रहे थे। भक्तों के बीच प्रसाद वितरण का शुभारंभ बुधवार सुबह 10 बजे ध्वजा पूजन के साथ होगा। शुभारंभ अवसर पर विधायक महेन्द्र हार्डिया, क्षेत्र के पार्षद पाटीदार सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
बागड़ी ने बताया कि खजराना गणेश को पहले दिन सवा लाख मोदक प्रसाद के अलावा गुरुवार को अजवाईन के, शुक्रवार को मूंग के, शनिवार को चवले के, रविवार को उड़द के, सोमवार, 1 सितंबर को गोंद के लड्डु, 2 को बेसन के, 3 को मोतीचूर के, 4 को बड़ी बूंदी के और 5 सितंबर को फरियाली ड्रायफ्रूट्स के लड्डूओं का भोग समर्पित किया जाएगा। रोजाना 20 हजार अलग-अलग किस्म के लड्डुओं सहित खजराना गणेश को 3 लाख से अधिक लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा, जो संभवतः देश में पहला उदाहरण होगा। भक्त मंडल द्वारा मोदक प्रसाद वितरण के लिए 50 बड़ी परातों एवं 100 ट्रे की व्यवस्था की गई है। भक्त मंडल से जुड़े 20 कार्यकर्ता प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभालेंगे।

मंदिर में तैयार सवा लाख मोदक।
इस दिन होंगे ये आयोजन
- 27 अगस्त: सुबह 10.30 कलेक्टर सह अध्यक्ष आशीष सिंह और नगर निगम आयुक्त सह प्रशासक शिवम वर्मा गणपति मंदिर खजराना प्रबंध समिति द्वारा आयोजित ध्वजा-पूजन और लड्डू प्रसादी वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- 28 अगस्त: दोपहर 2 बजे दृष्टि बाधित बच्चों द्वारा मगंलाचरण तथा शाम 7 बजे कल्पना झोकरकर की संगीतमय प्रस्तुति होगी।
- 29 अगस्त: दोपहर 2 बजे शालेय छात्र-छात्राओं द्वारा गायन होगा और शाम 7.30 बजे नेशनल स्कूल ऑफ कत्थक द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।
- 30 अगस्त: शाम 5 बजे अन्नक्षेत्र के आजीवन सदस्यों का सम्मान होगा। इस अवसर पर स्नेह भोज का आयोजन भी किया है। इसी दिन रात 8 बजे ऋषि कुमार म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भजन संध्या आयोजित की गई है।
- 31 अगस्त: शाम 5 बजे कला प्रस्तुति होगी। रात 8 बजे अश्विनी पाठक द्वारा सुंदरकांड का आयोजन किया है।
- 1 सितंबर: शाम 6 बजे से नादयोग गुरुकुल द्वारा कत्थक – भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी जायेगी। पाटीदार योगा सेन्टर द्वारा गीतायन एवं स्वर मंदिर म्यूजिकल योगा की प्रस्तुति होगी।
- 2 सितंबर: शाम 7 बजे भजन संध्या होगी, इसमें भजन गायक रतन मोहन शर्मा द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।
- 3 सितंबर: शाम 7 भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका मैथिली ठाकुर के भजन होंगे।
- 4 सितंबर: शाम 7 बजे भजन संध्या में भजन गायक कौशलेंद्र शर्मा (शर्मा बंधु) प्रस्तुतियां देंगे।
बड़ा गणपति के श्रृंगार में लगे 10 से 15 लोग
बड़ा गणपति मंदिर के पुजारी पं.धनेश्वर दाधीच ने बताया कि बड़ा गणपति मंदिर में भगवान गणेश की 25 फीट ऊंची और 14 फीट चौड़ी प्रतिमा है। भगवान गणेश पूर्व की तरफ मुख किए हुए है। गणेश चतुर्थी पर सुबह 9 बजे से 11 बजे तक गणपति अर्थवशीर्ष का सहस्रार्चन किया जाएगा। बुधवार को सर्वार्थ सिद्धि योग है। भगवान गणेश का जन्म अच्छे मुहूर्त में हो रहा है। 10.30 बजे से 11.30 बजे तक हवन पूजन किया जाएगा। इसके बाद पौने 12 से 12.30 बजे तक भगवान की महाआरती की जाएगी।
भगवान को लगेगा महाभोग
उन्होंने बताया कि महाआरती के बाद भगवान को महाभोग अर्पित किया जाएगा। 151 किलो का शुद्ध घी के लड्डू तैयार किए गए है। इसमें कुछ लड्डू सवा-सवा किलो के बने है। बड़े थाल में बड़े साइज के लड्डू से लेकर छोटे साइज के लड्डूओं को जमाकर भोग अर्पित किया जाएगा। भोग के बाद रात तक प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
11-15 लोगों ने किया श्रृंगार
वे बताते है कि 15 अगस्त से भगवान का श्रृंगार किया जा रहा है। 11 से 15 लोगों की टीम द्वारा किया जा रहा है। 26 अगस्त की रात तक ये श्रृंगार पूरा होगा। भगवान गणेश की अद्भुत छवि यहां देखने को मिलेगी। भगवान का स्वरूप की बात करें तो भगवान को गुलाबी और लाल रंग के वस्त्र धारण कराए जा रहे है।
चैनेलाइज रहेगी दर्शन की व्यवस्था
उन्होंने बताया कि भगवान के दर्शन के लिए चैनेलाइज व्यवस्था की गई है। एक तरफ से भक्त अंदर आएंगे और दूसरी तरफ से मंदिर से बाहर जा सकेंगे। कम से कम समय भक्तों को दर्शन में लगे इसका विशेष ध्यान रखा गया है। लगभग 15 मिनट भक्तों को भगवान के अच्छे से दर्शन हो जाएंगे। भगवान गणेश की बड़ी प्रतिमा है इससे भक्त पीछे खड़े होकर भी आसानी से भगवान के दर्शन कर सकते है।