शाजापुर में बुधवार को गणेश चतुर्थी पर गणपति बप्पा का स्वागत किया गया। शहर में 100 से अधिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई।
.
शहरवासियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ दस दिवसीय गणेशोत्सव का शुभारंभ किया। टेंशन चौराहा पर 17 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। इस प्रतिमा में गणेशजी मां पार्वती की गोद में विराजमान हैं।
गणपति के आगमन पर बुधवार शाम करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। श्रद्धालुओं ने इसे बप्पा का आशीर्वाद माना। विभिन्न पंडालों में आकर्षक प्रतिमाओं को निहारने श्रद्धालु देर रात तक सड़कों पर घूमते रहे।
इस वर्ष घर-घर में मिट्टी के गणेश भी स्थापित किए गए। कई महिलाओं और बच्चों ने स्वयं गणेश प्रतिमाएं बनाईं। आगामी 10 दिनों में सुंदरकांड, मटकी फोड़, चेयर रेस और भजन संध्या जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रात के समय विभिन्न पंडालों में आरती का आयोजन किया जा रहा है।
