नगर परिषद की टीम ने सुरक्षित गाय को रेस्क्यू किया।
आगर मालवा के नलखेड़ा में शासकीय अस्पताल के सामने स्थित एक होटल में एक गाय पानी के टैंक में गिर गई। घटना शुक्रवार शाम की है। स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर परिषद को सूचित किया।
.
गाय के सींगों पर रस्सी बांधकर किया रेस्क्यू
नगर परिषद की टीम बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय निवासियों की मदद से टैंक से जुड़े चेंबर का मुंह बड़ा किया। इससे गाय को बाहर निकालने के लिए जगह बन गई।
रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक गाय के सींगों पर रस्सी बांधी। सामूहिक प्रयास से गाय को बाहर निकाला गया।
30 मिनट तक टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
करीब 30 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन में गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गाय सामान्य रूप से चलने लगी।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के मेट और उनकी टीम की सराहना की। नगर परिषद ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी पानी के टैंकों और चेंबरों पर पक्के ढक्कन लगाने का आश्वासन दिया।