पन्ना की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर एक युवा किसान की किस्मत बदल दी है। शुक्रवार को जरुआपुर की एक निजी खदान में काम कर रहे युवा किसान अभिलाष और उनके तीन साथियों को 4 कैरेट 90 सेंट का एक शानदार हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई
.
हीरा मिलते ही चारों साथियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने यह कीमती हीरा तत्काल जिला हीरा कार्यालय में जमा करा दिया।
कड़ी मेहनत लाई रंग
अभिलाष ने अपने साथियों राजेश मजूमदार और दिलीप कुमार मिस्त्री के साथ मिलकर हीरा कार्यालय से पट्टा बनवाया था और जरुआपुर गांव के एक निजी खेत में खदान लगाई थी। कड़ी मेहनत के बाद मिली इस सफलता से उत्साहित अभिलाष ने बताया कि हीरे की नीलामी के बाद मिलने वाले पैसों का उपयोग वह आगे भी खदान लगाने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में करेंगे।
हीरा अधिकारी अनुपम सिंह ने बताया कि यह एक जेम्स क्वालिटी का हीरा है, जिसकी बाजार में काफी अच्छी मांग है। इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी के बाद, 11.5% रॉयल्टी काटकर बाकी की राशि किसान के बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी। यह भी बताया गया कि जिस दिलीप मिस्त्री के नाम पर खदान का पट्टा था, उन्हें पहले भी 10 छोटे-बड़े हीरे मिल चुके हैं।
इस महीने मिले 6 नायाब हीरे
हीरा अधिकारी अनुपम सिंह ने बताया कि इस महीने रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण 1 अगस्त से अब तक कुल 6 हीरे हीरा कार्यालय में जमा किए गए हैं, जिनका कुल वजन 16 कैरेट 21 सेंट है। उन्होंने बताया कि इन सभी हीरों को जल्द ही आगामी नीलामी में रखा जाएगा, जिसमें देश भर के हीरा व्यापारी इन्हें खरीदने आएंगे।