बैरसिया की घटना: दोस्त से 40 हजार मांग रहा था, दिए 10 हजार रुपए, इसलिए कर दी हत्या – Bhopal News

बैरसिया की घटना:  दोस्त से 40 हजार मांग रहा था, दिए 10 हजार रुपए, इसलिए कर दी हत्या – Bhopal News


पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जेल भेजा

.

बैरसिया के सुंदरपुरा में 26 अगस्त की सुबह मोहकम सिंह यादव की हत्या करने वाले आरोपी दोस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मोहकम से 40 हजार रुपए मांग रहा था, लेकिन वह 10 हजार देने को तैयार था। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की थी। इसके बाद उसने मृतक की जेब से 33 हजार रुपए निकाल लिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। मृतक की जेब से पुलिस को 21 हजार रुपए भी मिले थे। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

बैरसिया थाना प्रभारी वीरेंद्र सेन के मुताबिक 26 अगस्त की सुबह आठ बजे सुंदरपुरा गांव में पीपलधार, शमशाबाद निवासी 55 वर्षीय मोहकम सिंह यादव की हत्या कर दी गई थी। हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके साथी 30 वर्षीय दिनेश अहिरवार को गिरफ्तार किया है।

बताया गया है कि पिछले दिनों मोहकम सिंह ने 70-80 लाख रुपए में अपनी जमीन बेची थी। वह इन रुपयों को शराब-पार्टी में खर्च कर रहा था। वह मोटी रकम साथ रखकर चलता था। यह बात दिनेश को पता थी। 25-26 अगस्त की रात दोनों ने साथ पार्टी की थी। इसके बाद दिनेश ने मोहकम से रुपयों की मांग की थी।

जब उसे रुपए नहीं दिए तो गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वह मोहकम की जैकेट की जेब से 33 हजार रुपए निकालकर ले गया था। पुलिस ने जब शव की तलाशी ली थी तो अंदर के कपड़ों में 21 हजार रुपए मिले थे। आरोपी दिनेश को कोर्ट ने जेल भेज दिया है।

किसान को घायल कर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार बैरसिया के ग्राम इमलिया स्वरूप के पास मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाश ने डंडे से हमला कर ग्राम रमगढ़ा निवासी 45 वर्षीय सरजन सिंह गुर्जर की बाइक और मोबाइल लूट लिया था। घटना उस वक्त हुई थी जब सरजन भाई को लाने बैरसिया बस स्टैंड जा रहा था। रात करीब दो बजे वह ग्राम इमलिया स्वरूप के पास पहुंचे ही थे कि तभी अंधेरे में छिपे बदमाश ने चलती गाड़ी पर डंडे से उन पर हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने बांदीखेड़ी, गुनना निवासी अभिषेक अहिरवार को गिरफ्तार कर मोबाइल और बाइक बरामद कर ली है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।



Source link