वैष्णो देवी भूस्खलन में मंदसौर के दो श्रद्धालुओं की मौत: परिजनों ने भील खेड़ी में किया अंतिम संस्कार, जम्मू-कश्मीर सरकार देगी 6-6 लाख रुपए – Mandsaur News

वैष्णो देवी भूस्खलन में मंदसौर के दो श्रद्धालुओं की मौत:  परिजनों ने भील खेड़ी में किया अंतिम संस्कार, जम्मू-कश्मीर सरकार देगी 6-6 लाख रुपए – Mandsaur News


जम्मू के वैष्णोदेवी में हुए भूस्खलन में मंदसौर जिले के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मरने वाले श्रद्धालुओं में नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भील खेड़ी निवासी फकीरचंद गुर्जर (50) और रतनबाई गुर्जर (65) शामिल हैं।

.

शुक्रवार देर शाम जैसे ही दोनों के शव गांव भिलखेड़ी पहुंचे परिजन और ग्रामवासी शोक में डूब गए और हर किसी की आंखें नम हो गई। गांव के ही श्मशान घाट में परिजन और ग्रामवासियों की उपस्थिति में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।

गांव के सरपंच अमृत राम गुर्जर ने कहा कि हमारे गांव से वैष्णो देवी 7 लोग गए थे, हादसे में दो लोगों की मृत्यु हो गई, दोनों के शवों को गांव लाया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया है। यह छोटा गांव है, पहली बार ऐसा हुआ है कि दो लोगों का क्रियाक्रम एक साथ किया गया। पूरे गांव में शोक की लहर है।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए। साथ ही जम्मू-कश्मीर सरकार दोनों मृतकों के परिवारों को 6-6 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मध्य प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।



Source link