Last Updated:
इंदौर से लापता श्रद्धा तिवारी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर बताया कि उसने करण से खरगोन के महेश्वर स्थित चोली गांव के 52 भैरव मंदिर में शादी की. हालांकि इस मंदिर के पुजारी की बेटी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है.
इंदौर की श्रद्धा तिवारी के दावे पर सवाल उठ रहे हैं. खरगोन/ इंदौर. सात दिन पहले इंदौर से लापता हुई श्रद्धा तिवारी आखिरकार शुक्रवार को सामने आ गई. उसने एमआईजी थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसने करण नाम के युवक के साथ खरगोन जिले के महेश्वर में मंदिर में शादी की है. श्रद्धा ने पुलिस को शादी का वीडियो भी सौंपा, जिसमें वह और करण माला पहनाते हुए नजर आ रहे हैं. इसको लेकर जब महेश्वर में जानकारी निकाली गई तो पता चला कि जिस मंदिर में शादी का दावा किया गया है, वह चोली गांव का 52 भैरव मंदिर है. वहां मंदिर के पुजारी नारायण धनोरिया हैं. उनकी बेटी गंगा बाई बताया कि रविवार को मंदिर में पुजारी मौजूद नहीं थे.
गंगा बाई ने बताया कि जब अचानक घंटी की आवाज सुनी तो वह मंदिर गईं, तो वहां श्रद्धा और करण को माला पहने खड़ा पाया था. पूछने पर दोनों ने कहा कि वे किला घूमने आए थे. गंगा बाई ने कहा कि हमें उनकी शादी होने, मंदिर में सात फेरे और अन्य रीति रिवाज होने की जानकारी नहीं है. यहां मंदिर में ऐसा कुछ नहीं होता है. यह भैरव मंदिर है. श्रद्धा की शादी की कोई धार्मिक रस्म या फेरे यहां नहीं हुए हैं. सूने मंदिर में दोनों ने माला पहनकर वीडियो बनाया होगा, ऐसी संभावना है.
श्रद्धा के पिता अनिल तिवारी ने बताया कि बेटी ने फोन पर शादी की जानकारी दी थी. उन्होंने कहा, “मेरी बेटी बालिग है, लेकिन मैं अभी इस शादी को स्वीकार नहीं कर रहा. 10 दिन तक उसे सोचने दिया जाएगा. वह खुद फैसला लेगी तो हम उसका समर्थन करेंगे.” पिता ने यह भी कहा कि जिस युवक के पास यात्रा के लिए 500 रुपए तक नहीं थे, वह बेटी का भविष्य कैसे सुरक्षित करेगा?
न श्रद्धा के पास पैसे थे और न ही करण के पास
श्रद्धा ने अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया था, जिससे लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल था. पिता ने बताया कि मंदसौर से बेटी ने फोन कर कहा कि होटल में कमरा नहीं मिला क्योंकि आधार कार्ड नहीं था. इसके बाद करण ने पैसों की कमी जताई. पिता ने उसे 500 रुपए फोनपे से भेजे.
करण कौन है?
करण, इंदौर का रहने वाला है और इलेक्ट्रिशियन का काम करता है. पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रेन में सफर के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी. इसके बाद दोनों संपर्क में आए और आखिरकार मंदिर में शादी का दावा किया. इंदौर एसीपी हिमानी मिश्रा ने बताया कि 23 अगस्त को श्रद्धा के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी. 29 अगस्त को वह पुलिस के सामने आई. पुलिस अब यह पता करने की कोशिश कर रही है कि वह सात दिन कहां रही और किसके संपर्क में थी.
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प… और पढ़ें