अशोकनगर के ईसागढ़ के सुखपुर हॉस्पिटल के पीछे खाली जमीन में रविवार सुबह राधाकृष्ण की मूर्ति मिली। सुबह टहलने आए लोगों ने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए।
.
स्थानीय लोगों ने तत्काल एक छोटा चबूतरा बनाया और मूर्तियों की स्थापना कर दी। उन्होंने एंगल लगाकर टीन शेड भी बना दिया। राधा अष्टमी समिति के सदस्यों ने टेंट लगाकर प्रसाद वितरण किया। राधा अष्टमी के दिन मूर्तियां मिलने को लोग चमत्कार मान रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारी जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार सहित थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बताया कि यह राजस्व विभाग की जमीन है। उन्होंने यहां मंदिर न बनाने और मूर्तियां हटाने को कहा। लेकिन मौजूद लोगों के विरोध के कारण मूर्तियां नहीं हटाई जा सकीं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस जगह पर पहले अगरिया समुदाय के लोग रहते थे, जो कुछ समय पहले यहां से चले गए। संभावना जताई जा रही है कि मूर्तियां उन्हीं के द्वारा रखी गई हों। लोगों ने मूर्तियों को रंग कर स्थापित किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे यहां गौशाला का निर्माण भी करेंगे। उन्होंने मूर्तियां हटाने का प्रयास किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।