Asia Cup 2025: टीम इंडिया के एक पूर्व क्रिकेटर ने एशिया कप 2025 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच का कड़ा विरोध किया है. भारत के इस दिग्गज क्रिकेटर ने साथ ही खुद एशिया कप 2025 टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की बात कही है. बता दें कि एशिया कप 2025 टूर्नामेंट 9 से 28 सितंबर तक दुबई और अबू धाबी में खेला जाएगा. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को दुबई में यूएई के खिलाफ करेगा. भारत का अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला 14 सितंबर को होगा. भारत का आखिरी ग्रुप-स्टेज मैच 19 सितंबर को अबू धाबी में ओमान के खिलाफ होगा. ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, यूएई और ओमान शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में श्रीलंका के साथ बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग शामिल हैं.
दिग्गज क्रिकेटर मनोज तिवारी ने जाहिर किया गुस्सा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने भारत से 14 सितंबर को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले एशिया कप मैच का बहिष्कार करने की अपील की है. मनोज तिवारी ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से टूर्नामेंट का बहिष्कार करने का फैसला किया है और वह भारतीय टीम से भी ऐसा ही रुख अपनाने का आग्रह करते हैं. मनोज तिवारी ने एएनआई से कहा, ‘देखिए, सबसे पहले तो मैं व्यक्तिगत रूप से एशिया कप का बहिष्कार कर रहा हूं. मुझे इसे देखना पसंद नहीं है और मुझे नहीं पता कि टीम कौन सी है. मैं इसके बारे में ज्यादा विस्तार में नहीं जाना चाहता.’
‘मैं एशिया कप का बहिष्कार कर रहा हूं’
मनोज तिवारी ने कहा, ‘जैसा कि मैंने पहले भी कहा, मैं व्यक्तिगत रूप से इसका (एशिया कप) बहिष्कार कर रहा हूं. मैं इसे देखना पसंद नहीं करता, क्योंकि यहां जिस तरह का माहौल रहा है और पहलगाम में हुए हमलों में लोग मारे गए हैं, ऐसा हम पहले भी देख चुके हैं.’ पूर्व भारतीय बल्लेबाज मनोज तिवारी ने साल 2019 के पुलवामा आतंकी हमले से तुलना करते हुए कहा, ‘यह पुलवामा में भी हुआ था.’
पाकिस्तान के साथ मैच खेलने पर सवाल
मनोज तिवारी ने आगे कहा, ‘जब ऐसा होता है, तो हम खेल का आनंद कैसे ले सकते हैं? यह मेरी समझ से परे है. इसलिए मैं व्यक्तिगत रूप से इसका बहिष्कार कर रहा हूं.’ मनोज तिवारी ने पाकिस्तान के साथ मैच खेलने पर भी सवाल उठाया और कहा कि इन मैचों से टेलीविजन रेटिंग के अलावा कुछ खास हासिल नहीं होता. उन्होंने कहा, ‘इसका क्या फायदा है? आपको टीआरपी चाहिए; आपको पैसा चाहिए? अगर आईसीसी वाले उनसे छुटकारा नहीं पा सकते, तो आप उस खेल से छुटकारा पा लीजिए.’
‘पड़ोसी देश से आ रहे आतंकवादी…’
मनोज तिवारी ने कहा, ‘दूसरे खेलों में आप अच्छा करते हैं. देखिए क्या होता है. यह हमारे देश की ओर से एक बड़ा संदेश होगा. जब हम जानते हैं कि ये आतंकवादी हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान से आ रहे हैं, तो पाकिस्तान के साथ खेलने का क्या मतलब है? जिन परिवारों ने अपने सदस्यों को खोया है, वे किस मानसिकता से ग्रस्त होंगे? जब एक सैनिक अपने प्राणों की आहुति देता है, तो हमें उसी देश के खिलाफ नहीं खेलना चाहिए, जहां से आतंकवादी आते हैं. ऐसा नहीं होना चाहिए.’