पृथ्वी शॉ, ऋतुराज की एंट्री… भारत-वेस्टइंडीज सीरीज के बीच हुआ इस टीम का ऐलान, 32 साल का खिलाड़ी कप्तान

पृथ्वी शॉ, ऋतुराज की एंट्री… भारत-वेस्टइंडीज सीरीज के बीच हुआ इस टीम का ऐलान, 32 साल का खिलाड़ी कप्तान


भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और ऋतुराज गायकवाड़ आगामी रणजी ट्रॉफी (2025-26) सीजन में अंकित बावने की अगुवाई में महाराष्ट्र की टीम में खेलेंगे. 15 अक्टूबर से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के लिए महाराष्ट्र की 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की गई है. अनुभवी ऑलराउंडर जलज सक्सेना भी स्क्वॉड का हिस्सा हैं. महाराष्ट्र 15-18 अक्टूबर तक तिरुवनंतपुरम में अपने पहले मैच में केरल से भिड़ेगा.

मुंबई छोड़ महाराष्ट्र में आए पृथ्वी

पृथ्वी शॉ पूर्व में मुंबई क्रिकेट टीम का हिस्सा थे. खराब फॉर्म और फिटनेस की वजह से उन्होंने पिछले सीजन मुंबई रणजी टीम में अपनी जगह खो दी थी. इसके बाद शॉ ने मुंबई की जगह अगला रणजी सीजन महाराष्ट्र टीम की तरफ से खेलने का फैसला किया है. वहीं, ऑलराउंडर जलज सक्सेना लंबे समय से केरल टीम का हिस्सा थे. पिछले सीजन केरल को रणजी सीजन के फाइनल में पहुंचाने में सक्सेना की अहम भूमिका रही थी. कुछ महीने पहले जलज ने केरल का साथ छोड़कर महाराष्ट्र की तरफ से खेलने का फैसला लिया था. जलज मध्य प्रदेश के लिए भी खेल चुके हैं.

Add Zee News as a Preferred Source


ऋतुराज भी शामिल

भारत के इंटरनेशनल खिलाड़ी रुतुराज गायकवाड़ भी टीम का हिस्सा हैं, जो महाराष्ट्र की टीम में नियमित रूप से शामिल हैं और पूर्व कप्तान भी हैं. चयनकर्ताओं ने अनुभव को तरजीह देते हुए युवा तेज गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर की जगह प्रदीप दाधे को चुना है. पिछले रणजी सीजन (2024-25) में महाराष्ट्र एलीट ग्रुप ए में पांचवें स्थान पर रहा था, जहां उसे 7 मैचों में दो जीत, दो ड्रॉ के साथ तीन हार झेलनी पड़ी थी.

महाराष्ट्र टीम को ग्रुप बी में रखा गया है, जिसमें केरल, सौराष्ट्र, चंडीगढ़, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब और गोवा शामिल हैं. सभी घरेलू सर्किट के मजबूत दावेदार हैं.

महाराष्ट्र की टीम

अंकित बवाने (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, पृथ्वी शॉ, अर्शिन कुलकर्णी, सिद्धेश वीर, सौरभ नवाले (विकेटकीपर), मंदार भंडारी (विकेटकीपर), जलज सक्सेना, विक्की ओस्तवाल, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, प्रदीप दाधे, हितेश वालुंज, सिद्धार्थ म्हात्रे, हर्षल केट, रजनीश गुरबानी.



Source link