नर्मदापुरम में एक युवती की चार साल पुरानी तस्वीरों को एडिट कर वॉट्सऐप ग्रुप में वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार रात आरोपी युवक के खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
.
एडिट की गई पुरानी तस्वीरें, बदनाम करने की मंशा
पुलिस के अनुसार, यह तस्वीरें करीब चार साल पुरानी हैं, जिन्हें एडिट कर आपत्तिजनक रूप में तैयार किया गया और फिर शनिवार शाम वॉट्सऐप के दो अलग-अलग ग्रुप में पोस्ट किया गया। आरोपी की पहचान रामचंद्र भटनागर उर्फ चंदू के रूप में हुई है।
आरोपी पर रंजिश में फोटो वायरल करने का आरोप
देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि शाम करीब 4 बजे फोटो वायरल होने की जानकारी पीड़िता को मिली। इसके बाद वह संबंधित युवक के साथ थाने पहुंची और आरोपी रामचंद्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी से पहले से एक दुकान को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने यह हरकत की।
आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में केस
पुलिस ने रात करीब 9:45 बजे आरोपी रामचंद्र भटनागर के खिलाफ बीएनएस की धारा 79 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।