बीना-खुरई रोड पर सोमवार रात सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
तुलसीराम अहिरवार (20) और अजय अहिरवार (25) बीना से दिनभर का काम खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे खुरई ओवरब्रिज के पास सतगुरु ट्रेडर्स के सामने सड़क पर एक काला सांड़ बैठा था, जिसे वे अंधेरे में देख नहीं पाए। तेज रफ़्तार के कारण इनकी सांड़ से टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया और घायलों को सिविल अस्पताल खुरई ले जाया गया।
सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें
डॉक्टरों ने बताया कि दोनों युवकों को सिर, हाथ और पैरों में गहरी चोटें आई हैं। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर है और उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में आवारा मवेशियों की वजह से आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे राहगीरों की जान को खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की अपील की है।