खूंखार गेंदबाज ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले लिया संन्यास, अब सिर्फ टेस्ट और वनडे में बरपाएगा कहर

खूंखार गेंदबाज ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले लिया संन्यास, अब सिर्फ टेस्ट और वनडे में बरपाएगा कहर


Mitchell Starc Retired from T20I: ऑस्ट्रेलिया के खूंखार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने संन्यास का ऐलान करके सबको हैरान कर दिया है. स्टार्क टी20 इंटरनेशल से रिटायर हो गए हैं. उन्होंने अगले साल भारत-श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह बड़ा फैसला किया है. स्टार्क अब सिर्फ वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में कंगारू टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे. उनका लक्ष्य इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज और 2027 में वनडे वर्ल्ड कप में टीम में जीत दिलाना है.

कंगारू टीम को बनाया था चैंपियन

स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 65 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 79 विकेट लिए. स्टार्क ने पहला टी20 इंटरनेशनल मैच 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में खेला था. उनका आखिरी मुकाबला 2024 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत के खिलाफ था. स्टार्क ने 2021 में कंगारू टीम को टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम योगदान दिया था. उस टूर्नामेंट में स्टार्क ने 7 मैचों में 9 विकेट लिए थे.

Add Zee News as a Preferred Source


टेस्ट क्रिकेट हमेशा से मेरी प्राथमिकता: स्टार्क

टी20 इंटरनेशनल से संन्यास की घोषणा करते हुए स्टार्क ने कहा, ”टेस्ट क्रिकेट हमेशा से मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहा है. मुझे ऑस्ट्रेलिया के लिए खेले गए हर टी20 मैच का हर पल पसंद आया है, खासकर 2021 का वर्ल्ड कप. सिर्फ इसलिए नहीं कि हम जीते, बल्कि इसलिए भी क्योंकि वह एक अविश्वसनीय ग्रुप था और हमने बहुत मजा किया.”

ये भी पढ़ें: टी20 में नंबर-1 की जंग…पोलार्ड ने मचाई तबाही, चंद घंटों में एलेक्स हेल्स से आगे, खतरे में क्रिस गेल का महारिकॉर्ड

युवाओं को मौका देने के लिए लिया संन्यास

बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने कहा कि वह अब भारत में होने वाले आगामी टेस्ट दौरे, एशेज और 2027 के वनडे वर्ल्ड कप पर ज्यादा ध्यान देना चाहते हैं. अगले साल होने वाले 2026 के टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए स्टार्क का मानना है कि संन्यास लेने का यह सही समय है, ताकि चयनकर्ताओं को युवा खिलाड़ियों को तैयार करने का मौका मिल सके.

इन सीरीज पर स्टार्क की नजर

स्टार्क ने कहा, ”आगे भारत में होने वाले टेस्ट दौरे, एशेज और 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए मुझे लगता है कि इन अभियानों के लिए तरोताजा, फिट और सर्वश्रेष्ठ बने रहने का यह मेरा सबसे अच्छा तरीका है.” उन्होंने यह भी कहा कि इससे गेंदबाजी ग्रुप को टूर्नामेंट से पहले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी करने का समय मिलेगा.

ये भी पढ़ें: मयंती लैंगर से ग्रेस हेडन तक…दुनिया की टॉप-10 फीमेल स्पोर्ट्स एंकर, मैच में लगाती हैं ग्लैमर का तड़का

सेलेक्शन चेयरमैन ने की सराहना

चयनकर्ताओं के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने स्टार्क के फैसले पर कहा, ”स्टार्क को ऑस्ट्रेलिया के लिए अपने टी20 करियर पर अविश्वसनीय रूप से गर्व होना चाहिए. वह 2021 की वर्ल्ड कप विजेता टीम के एक अहम सदस्य थे और उनके पास अपनी विकेट लेने की क्षमता से मैच का रुख पलटने का हुनर था. हम उनके टी20 करियर का सही समय पर सम्मान और जश्न मनाएंगे, लेकिन यह बहुत अच्छी बात है कि वह ज्यादा से ज्यादा समय तक टेस्ट और वनडे क्रिकेट खेलना जारी रखने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं.”



Source link