कटनी में गणेश विसर्जन की तैयारियां तेज, कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण
कटनी में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने गाटरघाट और पीरबाबा घाट में बनाए जा रहे कृत्रिम विसर्जन कुंडों का निरीक्षण किया।
.
कलेक्टर ने सभी विसर्जन स्थलों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इनमें विसर्जन मार्ग की सफाई और अस्थायी सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था शामिल है। निरीक्षण में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहेरिया समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
नगर निगम आयुक्त को विसर्जन कुंडों के आसपास पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और तैराकों की तैनाती के निर्देश दिए गए। साथ ही होमगार्ड बल, लाइफ जैकेट और कंट्रोल रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
शहर में गाटरघाट, मोहनघाट, मसुरहा घाट समेत कई स्थानों पर कृत्रिम विसर्जन कुंड बनाए गए हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए चलित कृत्रिम कुंड की भी व्यवस्था की गई है।
सभी विसर्जन स्थलों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। कलेक्टर ने विसर्जन की पूरी प्रक्रिया के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के भी निर्देश दिए हैं।
