सतना में मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने सतना समेत रीवा संभाग में अगले 48 घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को शाम साढ़े 6 बजे से गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। देर रात तक करीब 2 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
.
बारिश के कारण शहर की कई कॉलोनियों की सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री रहा। हवा में सुबह 92 प्रतिशत और शाम को 77 प्रतिशत नमी दर्ज की गई।
तेज बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाएं मध्य प्रदेश को प्रभावित कर रही हैं। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण रीवा संभाग में आने वाले दिनों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है।
कई इलाकों में बिजली गुल तेज हवा और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। 33 केवी लाइन में फॉल्ट के कारण पुराना पावर हाउस और सब्जी मंडी विद्युत सब-स्टेशन एक घंटे तक बंद रहा। पतेरी विद्युत सब-स्टेशन का आरआरडब्ल्यू फीडर 4 घंटे तक बंद रहा। ट्रांसपोर्ट नगर, सिंधी कैम्प और टिकुरिया टोला क्षेत्र में 2 से 3 घंटे तक बिजली गुल रही।