मुरैना जिले में एक बार फिर क्वारी नदी उफान पर है। बारिश के चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे कई ग्रामीण इलाकों में बने पुल, पलिया और रपटे पानी में डूब गए हैं। इसके बावजूद लोग लापरवाही बरतते हुए जान जोखिम में डालकर इन्हें पार कर रहे हैं।
.
खरिका गांव के रपटे पर फंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली
घटना पहाड़गढ़ विकासखंड के खरिका गांव की है, जो क्वारी नदी के किनारे बसा हुआ है। यहां नदी पर बना एकमात्र रपटा पूरी तरह जलमग्न हो चुका है, फिर भी ग्रामीण इस पर आवाजाही कर रहे हैं। गुरुवार को ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रपटा पार करते समय तेज बहाव में फंस गई।
बहाव में बहने लगी ट्रॉली, मिट्टी के ढेर ने बचाई जान
तेज बहाव में ट्रैक्टर ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी के साथ बहने लगी। लेकिन रपटे किनारे बनी मिट्टी की एक ऊंची मेढ़ (मुट्टी) से टकराकर ट्रॉली रुक गई। इससे ट्रॉली वहीं अटक गई और बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
ट्रैक्टर से कूदकर ग्रामीणों ने बचाई जान
जब ट्रैक्टर ट्रॉली फंसी, तो उसमें सवार ग्रामीण घबराए नहीं। उन्होंने तुरंत स्थिति को समझते हुए ट्रैक्टर से कूदकर नदी किनारे सुरक्षित पहुंचकर अपनी जान बचाई। अगर ट्रॉली मिट्टी के ढेर से न टकराती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जौरा जा रहे थे ग्रामीण
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत खरिका गांव में सूचना दी, जहां से जेसीबी मशीन बुलाई गई। मशीन की मदद से ट्रैक्टर ट्रॉली को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह घटना गुरुवार की है। ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार ग्रामीण खरिका गांव से जौरा जा रहे थे, तभी रपटा पार करते समय यह हादसा हुआ।