12 झांकियों को आधा किलोमीटर घूमने में 8 घंटे लगे: ज्यादा ठहराव सिर्फ कहारवाड़ी मस्जिद के पास; पुलिस ने बल प्रयोग कर आगे बढ़ाया – Khandwa News

12 झांकियों को आधा किलोमीटर घूमने में 8 घंटे लगे:  ज्यादा ठहराव सिर्फ कहारवाड़ी मस्जिद के पास; पुलिस ने बल प्रयोग कर आगे बढ़ाया – Khandwa News


आधा किलोमीटर के सफर ज्यादातर वक्त कहारवाड़ी मस्जिद के पास डटी रही झांकियां।

खंडवा में अनंत चतुर्दशी मौके पर शनिवार की रात में झांकियों का कारवां निकला। झांकियां रात 12 बजे से शुरू हुई, जिसके बाद 15 मिनट से आधे घंटे के अंतराल में झांकियां निकलती रही।

.

पहली झांकी शनि मंदिर चौक की थी, जिसे आधा किलोमीटर का रास्ता भेदने में 5 घंटे लग गए। 4 घंटे तो जलेबी चौक से कहारवाड़ी मस्जिद तक आने में लग गया।

इस तरह 12 झांकियों के चल समारोह का समापन सुबह 8 बजे हुआ।

झांकी आगे बढ़ाने की बात पर विवाद, अरझरे को धकेला

कहारवाड़ी मस्जिद के पास तड़के 5 बजे झांकियों को आगे बढ़ाने के दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। नाराज हिंदू संगठन के नेता डॉ. अनीस अरझरे की पुलिस से बहस हो गई। इसी दौरान मस्जिद में फजर की नमाज हो रही थी। इसके बाद एडिशनल एसपी राजेश रघुवंशी ने मोर्चा संभाला और भीड़ के बीच घुसकर लोगों को आगे किया। बावजूद अरझरे नहीं माने तो पुलिसकर्मी उन्हें 100 मीटर तक धक्का देते हुए आगे ले गए।

हालांकि, डॉ. अनीस अरझरे फिर से कहारवाड़ी मस्जिद के पास पहुंचे और पीछे आ रही झांकी में शामिल हो गए। तब लोगों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया और इस दौरान अरझरे ने हवा में लाठी घुमाई।

पुलिस का ड्रोन गिरा, टीआई ने युवक को पीटा

सुरक्षा की दृष्टि से कहारवाड़ी मस्जिद के पास भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। इसी दौरान पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही थी। तभी पुलिस का ड्रोन मस्जिद के पास बिजली के तारों में उलझ गया। जिससे कि ड्रोन का बैलेंस बिगड़ा और नीचे गिरने लगा।

हालांकि एडिशनल एसपी राजेश रघुवंशी ने गिरते हुए ड्रोन को हाथों में थाम लिया। जिससे कि नुकसान होने से बच गया। इधर, लालचौकी की झांकी में शामिल एक युवक की टीआई से बहस हो गई। टीआई ने टपालचाल से लेकर कोतवाली थाने तक उस युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

अब झांकियों की कहारवाड़ी तक की टाइमलाइन देखिए

पहली झांकी शनि मंदिर क्षेत्र की 12 बजे जलेबी चौक पहुंची और शुरू हुई। रात 3 बजकर 50 मिनट पर वह कहारवाड़ी मस्जिद के पास पहुंची। दूसरी झांकी पदमकुंड वार्ड की थी, जो 4 बजकर 10 मिनट, तीसरी झांकी जय मां काली ग्रुप की 4 बजकर 20 मिनट, चौथी झांकी भगतसिंह चौक की 5 बजे, पांचवी झांकी शिवाजी चौक की 5 बजकर 15 मिनट बजे, छठवीं झांकी भवानी माता चौक की 5 बजकर 30 मिनट बजे।

सातवी झांकी शिवाजी नगर की 5 बजकर 45 मिनट बजे, आठवीं झांकी बुधवारा चौक की सुबह 6 बजे, नौंवी झांकी पड़ावा चौक की सुबह 6 बजकर 30 मिनट बजे कहारवाड़ी मस्जिद के पास पहुंची। इसके बाद लालचौकी, रमा कॉलोनी और आखिरी झांकी टपालचाल की सुबह 7 बजकर 15 मिनट बजे पहुंची।

कलेक्टर-एसपी ने कंट्रोल रूम में बैठकर मॉनिटरिंग की

झांकियों का चल समारोह शांति पूर्वक निकले, इसके लिए कलेक्टर ऋषव गुप्ता, एसपी मनोज कुमार राय ने रात 11 बजे पैदल ही झांकी मार्ग का भ्रमण किया। व्यवस्था में जुटे अधिकारियों को सुरक्षा के संबंध में निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर पहुंचे और वहां से बैठकर मॉनिटरिंग की। एसपी और कलेक्टर दोनों सीसीटीवी कैमरे देखकर मैदान में डटे ऑफिसर्स को पाइंट देकर एक्शन लेने के निर्देश देते रहे।

2 फोटोज में देखिए आकर्षक झांकियां…



Source link