Last Updated:
Burhanpur News: इंदौर-इच्छापुर स्टेट हाईवे पर खोदा पहाड़ निकली चुहिया वाली बात सही साबित हो गई. ऐसी घटना घटी कि हर शख्स ड्राइवर को कोसता नजर आया. जानें माजरा…
Burhanpur News: खोदा पहाड़ निकली चुहिया… ये कहावत तो आपने सुनी ही होगी, लेकिन क्या ऐसा होते हुए देखा है. अगर नहीं, बुरहानपुर में कुछ ऐसा ही हुआ है. अब ये घटना तेजी से वायरल हो रही है. इंदौर-इच्छापुर स्टेट हाईवे पर शिकारपुरा थाने के ठीक सामने सोमवार दोपहर एक अजीबोगरीब घटना घटी. इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया.
दरअसल, एक इनेवा कार (नंबर MP 68 ZB 0107) बीच सड़क पर अचानक खड़ी हो गई. कुछ ही पलों में वहां जाम लगने लगा. पहले तो लोगों ने सोचा शायद गाड़ी खराब हो गई, लेकिन जब कार में कोई हरकत नहीं हुई तो लोग कार के इर्द-गिर्द इकट्ठा होने लगे. कार को खोलने की कोशिश की तो चारों गेट लॉक थे.
जब कार के अंदर घुसे लोग तब…
मौके पर पहुंची पुलिस को आशंका हुई कि कहीं चालक की तबीयत बिगड़ गई हो या कोई हादसा हुआ हो. ऐसे में पुलिस ने पिछला शीशा तोड़ने की बात कही तो लोगों ने कार का पिछला कांच तोड़ा. दरवाजा खोला और अंदर दाखिल हुए. इस पूरे वाकये में हाईवे पर भीषण जाम लग गया. जब लोग कार में घुसे तो दंग रह गए. दरअसल, चालक अंदर चैन की नींद सो रहा था. उसे उठाया गया. फिर कार सहित पुलिस चालक को थाने ले गई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार, चालक की स्थिति की जांच की जा रही है. कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका. इस घटना ने सड़क सुरक्षा और चालक की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए हैं. स्थानीय लोग ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदमों की मांग कर रहे हैं.